साइबर शातिरों ने बैंक का कर्मचारी बनकर लगाया चूना

ALLAHABAD: रिटायर्ड फौजी को साइबर शातिरों ने चूना लगा दिया। शातिरों ने बैंक कर्मचारी बनकर फोन किया और खाते से 40 हजार रुपए उड़ा दिए। जब रिटायर्ड फौजी बैंक में पासबुक अपडेट कराने गए थे तो उनको रुपए निकलाने की जानकारी मिली। काफी तहकीकात के बाद उनको पता चला कि उनके एकाउंट से ऑनलाइन शॉपिंग की गई है। उन्होंने साइबर क्राइम सेल में कंप्लेन दर्ज करवा दी है।

15 दिन पहले आया था फोन

ठगी गोविंदपुर के रहने वाले रिटायर्ड फौजी श्याम कुमार के साथ हुई। उनका एकाउंट एसबीआई की मेन ब्रांच में है। उनके पास करीब 15 दिन पहले बैंक के नाम पर फोन आया था। 70 साल के श्याम कुमार से कहा गया कि उनका एकाउंट एक जनवरी से काम नहीं करेगा। जो सीनियर सिटीजन बैंक नहीं जा सकते, उनके लिए एक सुविधा शुरू की गई है। वे घर बैठे एकाउंट को अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए उनको कुछ स्टेप फालो करने होंगे। श्याम कुमार फोन करने वाले के झांसे में आ गए और उसको एटीएम कार्ड नंबर के साथ ही पिन की पूरी डिटेल दे दी। सेम डे उनके एकाउंट से परचेजिंग कर ली गई। उन्होंने एसएमएस एलर्ट की फेसेल्टी नहीं ली है। इस कारण उनको रुपए निकाले जाने की जानकारी नहीं हुई। वे सोमवार को बैंक गए थे तो उनको ठगी का पता चला। इसके बाद वह साइबर क्राइम सेल पहुंचे और कंप्लेन की। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है। यह पता चला है कि ठगों ने सेलफोन, पावर बैंक की परचेजिंग की है।

Posted By: Inextlive