पंपों पर बिना हेलमेट आसानी से मिल रहा है पेट्रोल

बंद हुई पुलिस व प्रशासन की कार्रवाई

पब्लिक का पलटवार शुरू, पोर्टल पर दनादन चल रही शिकायत

ALLAHABAD: महज अठारह दिनों में पुलिस व प्रशासन की ओर से शुरू किया गया हेलमेट अनिवार्यता अभियान टांय-टांय फिस्स हो गया है। पेट्रोल पंपों पर आसानी से बिना हेलमेट फ्यूल वितरण किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से बनाया गया वाट्सएप ग्रुप भी ठंडे बस्ते में है। कुल मिलाकर पब्लिक फिर बिना हेलमेट चल रही है और प्रशासन पहले की तरह आराम मुद्रा में आ गया है।

और खत्म हो गई सख्ती

बीस जुलाई से बिना हेलमेट दोपहिया वाहनों को पेट्रोल देने पर रोक लगाई गई थी। शुरुआती चार से पांच दिन जोरदार अभियान चला। इसके बाद वाट्सएप ग्रुप बनाया गया, इसमें पंप संचालकों को बिना हेलमेट वालों की फोटो भेजने को कहा गया। संचालकों की ओर से सैकड़ो फोटो भेजे गए, लेकिन कार्रवाई सिर्फ दो के खिलाफ की गई है।

अब नहीं पूछते हेलमेट कहां?

दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने मंगलवार को लूकरगंज, सिविल लाइंस, धोबीघाट समेत तमाम इलाकों में चल रहे पेट्रोल पंपों का जायजा लिया। हर इलाके में लोग बिना हेलमेट पेट्रोल लेते दिखे।

पंप संचालक परेशान

हेलमेट को लेकर पंप संचालकों की सख्ती को झेल चुकी पब्लिक अब पलटवार के मूड में है। पंप संचालकों ने बताया कि अब लोग उनके खिलाफ सरकार व कंपनी की पोर्टल पर सुविधाओं को लेकर शिकायत दर्ज करा रहे हैं। पब्लिक की शिकायत पंपों पर रेट, पेयजल, टॉयलेट को लेकर है।

अभियान के फुस्स होने का सबसे बड़ा कारण प्रशासन है। अधिकारी किसी अभियान की शुरुआत जोर शोर से करते हैं लेकिन बाद में कंटीन्यू नहीं करते। इससे कानून तोड़ने वालों को बढ़ावा मिलता है।

मो। फिरोज रजा

ये तुगलकी फरमान बंद होना चाहिए। पहले सड़कों को गड्ढा मुक्त करिए, फिर ऐसे नियम कानून बनाए जाएं।

अजीत दुबे

नियम कानून बनना जरूरी है। लेकिन यह गलती पब्लिक की है। उसे अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। पंप वाले भी नियम नजरअंदाज कर रहे हैं।

नीरा त्रिपाठी

ऐसा नही है कि केवल हेलमेट नहीं होने से हादसे में लोगों की जान जाती है। सड़कों पर गड्ढे हादसों का कारण बनते हैं। प्रशासन को किसी अभियान को कंटीन्यू चलाना चाहिए।

विवेक गोंड

आजकल पंपों के खिलाफ शिकायतें बहुत बढ़ गई हैं। लोग जान बूझकर हमारी कम्प्लेन कर रहे हैं। जबकि हम प्रत्येक पंप पर सभी पैरामीटर को डेली चेक करते हैं।

रोहित केसरवानी, महामंत्री, पेट्रोल पंप एसोसिएशन

एक ग्राहक ने पेयजल खराब होने की शिकायत दर्ज कराई है। जबकि जांच में यह सही पाया गया। पब्लिक हेलमेट अभियान का बदला ले रही है।

शशांक, पंप संचालक

वाट्सएप ग्रुप पुलिस, प्रशासन और पंप संचालकों के लिए पर्सनल कम्युनिकेशन के लिए बना था। उस पर बिना हेलमेट फोटो भेजने जैसा कोई नियम नहीं था। फिलहाल हमने इस ग्रुप के माध्यम से दो लोगों पर चालान की कार्रवाई की है।

कुलदीप सिंह, एसपी ट्रैफिक

Posted By: Inextlive