महिला का आरोप, विरोध करने पर आरोपी ने की मारपीट

ALLAHABAD: कर्नलगंज पुलिस स्टेशन एरिया में निगम चौराहे के पास रहने वाली महिला से घर में घुसकर छेड़खानी की गयी। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर पड़ोसी जुटे तो आरोपी भाग निकला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने कर्नलगंज पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि गुरुवार की शाम घर पर अकेली थी। इसी बीच कटरा का शैलेन्द्र उर्फ जीतू घर में घुस आया। गलत नीयत से उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की। विरोध किया तो उसने कई थप्पड़ जड़ दिए। शोर मचाने पर पड़ोसी दौड़े तो जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। इंस्पेक्टर कर्नलगंज मनोज तिवारी का कहना है कि दोनों पक्षों में मकान को लेकर विवाद हुआ है। इससे पूर्व भी महिला कई बार झूठे आरोपों में केस दर्ज करा चुकी है। घटना की जांच की जा रही है। आरोप सही पाया जाता है तो आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Posted By: Inextlive