प्रशासनिक अधिकारियों पर लगाया अभद्रता का आरोप

अखाड़ा प्रमुख व मेलाधिकारी के बीच हुई नोक-झोंक

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: प्रयागराज कुंभ के आखिरी स्नानपर्व पर प्रशासनिक लापरवाही को लेकर किन्नर अखाड़ा और अधिकारियों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद किन्नर अखाड़ा के संतों ने अपनी परंपरागत अमरत्व स्नान का बहिष्कार कर दिया। किन्नर अखाड़ा प्रमुख आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी ने मेलाधिकारी विजय किरण आनंद व डीआईजी मेला केपी सिंह से इस बारे में शिकायत करनी चाही तो दोनों ही अधिकारी अखाड़ा प्रमुख पर बिफर पड़े। उन्हें पैदल जाकर स्नान करने की बात कहने लगे। इसके बाद अखाड़ा प्रमुख ने अमरत्व स्नान का बहिष्कार कर दिया।

एडीजी से जांच कराने की मांग

सोमवार दोपहर अमरत्व स्नान के दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ किन्नर अखाड़ा के लोगों संग हुए विवाद के दौरान अखाड़ा के संतों ने संगम न जाने देने, किन्नर अखाड़ा के लोगों के साथ मारपीट करने और दु‌र्व्यवहार का आरोप लगाया। किन्नर अखाड़ा की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी ने कहा कि अधिकारियों से मेले के आखिर में इस प्रकार का व्यवहार होने की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने मामले की जांच एडीजी एसएन साबत से कराने की मांग करते हुए दोषी लोगों के खिलाफ 24 घंटे में कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि अखाड़ा की तरफ से लगातार प्रत्येक स्नान पर्व पर अमरत्व स्नान किए जाने की बात कही जा रही थी। इस बारे में मेलाधिकारी को पत्र भेजकर सूचना भी दी गई थी।

Posted By: Inextlive