11वीं की छात्रा का मिस इंडिया के खिताब पर है अगली नजर

ALLAHABAD: छोटी उम्र में बड़े सपने देखना आम बात है, लेकिन उन सपनों को साकार करने का जज्बा कम ही लोगों में होता है। शहर की बेटी नंदिनी वर्मा ने अपने ऐसे ही सपने को साकार किया है। 11वीं क्लास में पढ़ने वाली नंदिनी ने दो फरवरी को मिस यूपी का खिताब जीतकर खुद के साथ पूरे जिले का भी नाम रोशन कर दिया है। पढ़ाई के साथ मॉडलिंग की दुनिया में नाम कमाने की ख्वाइश लिए नंदिनी अब अपने सपनों को नई उड़ान देने में जुटी हैं। उनका सपना अब मिस इंडिया बनने का है।

हाइट से आया मॉडलिंग का ख्याल

पीसीएम से पढ़ाई कर रही नंदिनी की चाहत इंजीनियरिंग में कॅरियर बनाने की थी। लेकिन अपनी हाइट देख उनके मन में मॉडलिंग फील्ड में कॅरियर बनाने का ख्याल आने लगा। इसी बीच ड्रीम प्रोडक्शन हाउस की ओर से सिटी में मिस यूपी के लिए ऑडिशन होने वाला था। उन्होंने जब इसके बारे में अपने पैरेंट्स को बताया कि उन्होंने भी बेटी को सपने पूरा करने की सहमति दे दी। सिटी के ही रायल गार्डेन में ऑडिशन के बाद उनका सेलेक्शन अगले राउंड के लिए किया गया। नंदिनी बताती हैं कि उन्होंने ऑडिशन देते समय सोचा भी नहीं था कि वह ये खिताब जीत जाएंगी। लेकिन आज ये हकीकत में तब्दील हो चुका है।

यूपी के 15 पार्टिसिपेंट्स में मारी बाजी

यूपी के अलग-अलग डिस्ट्रिक्ट से कुल 15 फाइनलिस्ट का सलेक्शन किया गया था। फाइनल प्रयाग संगीत समिति में हुआ। इसके जजेज शरद चौधरी, रोडीज के जज रह चुके रणविजय, करन कुन्द्रा, जोया अफरोज, नेहा सक्सेना समेत आठ लोग थे। यहां पर अलग-अलग राउंड के बाद नंदिनी को मिस यूपी के खिताब से नवाजा गया।

मिस इंडिया बनना है सपना

मिस यूपी का खिताब हासिल करने के बाद नंदिनी के सपनों को पंख लग गए हैं। अपनी सफलता के लिए वह पेशे से बिजनेसमैन पिता मुकेश वर्मा, मां नीलम वर्मा, भाई जैद और अपने स्कूल इलाहाबाद पब्लिक स्कूल, चौफटका के डायरेक्टर राजीव मिश्रा को देती हैं। नंदिनी का सपना अब मिस इंडिया के खिताब के लिए खुद को बेहतर ढंग से तैयार करना है। वह बताती है कि नेक्स्ट ईयर ही उनका बोर्ड एग्जाम भी है। ऐसे में पढ़ाई के साथ मिस इंडिया के लिए खुद को तैयार करने के लिए अधिक मेहनत लगेगी। इसके लिए वह अभी से तैयारी में जुट गई है। स्कूल की तरफ से भी उनको पूरा सपोर्ट है। मिस इंडिया के लिए खुद को तैयार करने के लिए वह कोचिंग क्लासेस शुरू करने वाली हैं।

Posted By: Inextlive