मुंबई में दर्ज हुआ था 71 लाख रुपये चोरी का मुकदमा

अपार्टमेंट शिवमहिमा एनक्लेव से दो गिरफ्तार, देर रात तक चलती रही पूछताछ

PRAYAGRAJ: मुंबई की कारोबारी एक महिला के घर चुराए गए 71 लाख में से नौ लाख रुपये प्रयागराज आ गए। मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने शनिवार शाम सिविल लाइंस अपार्टमेंट शिवमहिमा एनक्लेव में दबिश दी। यहां से ओम प्रकाश यादव और देवेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया। दोनों से नौ लाख रुपये बरामद हुए। ओम प्रकाश आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र स्थित तिसौरा और देवेंद्र प्रयागराज के शाहगंज थाना क्षेत्र के पानदरीबा मोहल्ले का रहने वाला है।

शातिर ने कबूले थे दोनों के नाम

पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले मुंबई में जेजे माल इलाके में रहने वाली महिला मुमताज ने जेजे माल थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि उनके घर से 71 लाख रुपये की चोरी हुई है। एफआइआर दर्ज करने के बाद थाने की पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच ने तफ्तीश शुरू की। फिर तबरेज नामक शख्स को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह प्रयागराज में पान पारस के नाम से कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों को रकम दी है। इस पर शनिवार दोपहर बाद तबरेज को लेकर मुंबई क्राइम ब्रांच के दारोगा राजकुमार पवार सिपाही गणेश व अन्य के साथ सिविल लाइंस थाने पहुंचे। शाम को सिविल लाइंस चौकी प्रभारी राजेश कुमार के साथ होटल रीजेंसी के पास स्थित अपार्टमेंट शिवमहिमा एनक्लेव में छापेमारी करते हुए ओम प्रकाश व देवेंद्र को दबोच लिया। इस कार्रवाई से अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में खलबली मच गई। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्तों को सिविल लाइंस थाने ले जाकर पूछताछ की जाती रही।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहां पर 71 लाख की चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपित मो। तवरेज ने दोनों की पहचान की। उसे टीम वहां से लेकर आई थी।

शुभम तोदी, सीओ सिविल लाइंस

Posted By: Inextlive