नाराज पत्‍‌नी नहीं हुई साथ आने को तैयार, ससुराल से लौटते वक्त हुई घटना

नेशनल हाईवे-2 पर सेवइत गांव के समीप मंगलवार की रात एक युवक को गोली मार दी गयी। गंभीर अवस्था में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोरांव ले जाया गया जहां से डॉक्टर्स ने उसे रिफर कर दिया। घायल ने ससुर के कहने पर साले पर गोली मारने का आरोप लगाया है। घायल के भांजे की तरफ से नामजद तहरीर सोरांव थाने में दे दी गयी है। पुलिस छानबीन में जुटी है।

पत्‍‌नी से चल रहा है विवाद

घायल 35 वर्षीय जगराम नवाबगंज थाना क्षेत्र के मूसेपुर गांव का रहने वाला है। उसकी शादी बहरिया थाना क्षेत्र में करीब दस साल पहले हुई थी। शादी से उसके कुल पांच बच्चे हैं। करीब तीन साल पहले पत्‍‌नी उसे छोड़कर मायके चली गयी। तीन बच्चे पत्‍‌नी के साथ गये हैं जबकि दो जगराम के साथ रहते हैं। दोनों के बीच मुकदमा भी चल रहा है। जगराम का कहना है कि वह बच्चों को पत्‍‌नी के पास से लाने के लिए ससुराल गया था। वहां से लौटते वक्त देर रात सेवइत के पास दो बाइक से आए ससुर और सालों रामअचल और मंगला प्रसाद ने उसे रोक लिया। उसका आरोप है कि ससुर के कहने वर साले ने उसे गोली मार दी। इसके बाद वह वहां से बाइक लेकर भागा और करीब आठ किलोमीटर दूर पुलिस चेकिंग के पास रुककर घटना की जानकारी दी। उसकी सूचना पर नरायनपुर का रहने वाला उसका भांजा राजेश भी पहुंच गया। घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर राजेश ने ही पुलिस को दी है। पुलिस छानबीन में लगी है।

Posted By: Inextlive