नैनी के पाठक मार्केट चल रहा था हुक्का बार, फायरिंग से अफरा-तफरी

देर शाम बार में पहुंचे दो युवकों ने दिया घटना को अंजाम

prayagraj@inext.co.in

एडीए कालोनी नैनी स्थित पाठक मार्केट में एक मकान के सेकंड फ्लोर पर चल रहे हुक्का बार में फ्राइडे की लेट इवीनिंग बालू व्यापारी राहुल दुबे (28) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शाम करीब सात बजे पहुंचे दो हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। फायरिंग से हुक्का बार में अफरा-तफरी मच गयी। शौकीन जान बचाने के लिए भागने लगे। गोली सीधे सिर में लगने से राहुल ही हालत गंभीर हो गयी। आनन-फानन में उसे लेकर लोग एसआएन हॉस्पिटल पहुंचे। जहां डॉट‌र्क्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही फोर्स के साथ एसपी यमुनापार मौके पर जा पहुंचे। गोली मारने वालों की तलाश में पुलिस टीम लगा दी गयी। लेकिन, समाचार लिखे जाने के समय तक पुलिस के हाथ कोई कामयाबी नहीं लगी थी। घटना का कारण बालू का विवाद बताया जा रहा है। देर रात तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।

बालू का विवाद माना जा रहा कारण

औद्योगिक एरिया के चाड़ी चटकाना गांव निवासी सुरेश नन्दन दुबे के पांच बच्चे हैं। चार बेटियों के बीच राहुल इकलौता बेटा था। राहुल की शादी हो चुकी है। इस रिश्ते से उसे दो बच्चे हैं। राहुल बालू के कारोबार से जुड़ा तो उन्नति की रफ्तार तेज हो गयी। उसका लाइफ और लिविंग स्टाइल चेंज हो गया। उसे हुक्का एंज्वॉय करने का शौक लग गया। शौक पूरा करने के लिए वह लगभग रोज एडीए कॉलोनी के पास पाठक मार्केट में जाने लगा। शुक्रवार शाम करीब सात बजे भी हुक्का बार गया हुआ था। वह हुक्के का कश लगा ही रहा था कि दो युवक पिस्टल लेकर अंदर दाखिल हो गए। बार के अंदर बैठे राहुल को निशाना बनाते हुए दोनों ने फायर कर दिया।

तीन राउंड हुई फायरिंग

एक के बाद एक उसके ऊपर तीन गोलियां चलाई गई। पहली गोली चलते ही बार में अफरा-तफरी मच गई। वहां हुक्का पीने पहुंचे अन्य युवक जान बचा कर इधर उधर भागने लगे। खुद राहुल भी जान बचाते हुए भागने की कोशिश करने लगा। इस बीच उसके सिर में हमलावरों के पिस्टर से लगी गोली जा धंसी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। खबर मिलते ही फोर्स के साथ एसपी यमुनापार मौके पर जा पहुंचे। तब तक हमलावर वारदात को अंजाम देकर भाग चुके थे। घायलावस्था में पुलिस राहुल को लेकर एसआरएन हॉस्पिटल पहुंची तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। वह हंगामा करते इसके पहले पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

एक जिंदा कारतूस व दो खोखे मिले

हुक्का बार में छानबीन के दौरान पुलिस को दो खोखे और एक जिंदा कारतूस मिली है।

पुलिस के मुताबिक बार में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

छानबीन में पता चला है कि वह अवैध खनन में एक बार जेल भी जा चुका था

पिता सुरेश नन्दन दुबे के मुताबिक शुक्रवार सुबह उसका किसी से विवाद हुआ था

आशंका जताई जा रही है जिन लोगों से उसकी सुबह हॉट टॉक हुई थी वही लोग हमला करवाए होंगे

एक महिला से भी सम्बंध की चर्चा

केस की जांच में जुटी पुलिस के मुताबिक नैनी एडीए कॉलोनी में रहने वाली एक महिला से भी राहुल के सम्बंध की चर्चा सामने आई है। पता चला है कि जिस महिला से उसके सम्बंध थे वह गैर बिरादरी की है। उसका पति हाल ही में जेल से छूट कर आया है। राहुल की पत्‍‌नी बच्चों व परिवार के साथ चाड़ी चटकाना गांव में ही रहती है। फिलहाल पुलिस अभी किसी भी एंगल को पुख्ता मान कर नहीं चल कर रही है।

उसे कितनी गोली लगी यह बात पोस्टमार्टम के बाद ही क्लीयर होगा। परिजन घटना की वजह बालू का विवाद ही बता रहे हैं। पूछताछ और पड़ताल में उसके एडीए कालोनी में रहने वाली एक महिला से सम्बंध की बात सामने आई है। परिजनों से तहरीर का इंतजार है। इसके आधार पर पुलिस की जांच को दिशा मिलेगी।

दीपेंद्रनाथ चौधरी,

एसपी यमुनापार

Posted By: Inextlive