तीन साल के मासूम की पड़ोसी के घर में मिली बॉडी, बांध रखा गया था मुंह

आंटी और उसके पति को पुलिस ने लिया हिरासत में

जलालपुर कस्बे में गुरुवार को सनसनीखेज मामला सामने आया। तीन साल के एक मासूम को गायब करके मौत के घाट उतार दिया गया। उनकी बॉडी पड़ोसी के घर में मिली। बगल में पड़ोसी का रिश्तेदार युवक भी लेटा हुआ था। पुलिस ने उसके साथ पड़ोसी के परिवार के अन्य सदस्यों को हिरासत में ले लिया है। देर रात तक उनसे पूछताछ जारी थी। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चे की हत्या करके लाश छिपाने की कोशिश उन्होंने क्यों की। पुलिस को अंदेशा है कि वे बॉडी को कहीं अन्यत्र ले जाकर ठिकाने लगा देने के मूड में थे।

चचेरे भाई हैं पड़ोसी

घटनास्थल जलालपुर कस्बा उतरांव थाना क्षेत्र में पड़ता है। मरने वाले मासूम का नाम शाश्वत था। उसके पिता का नाम सतीश कुमार है। पड़ोस में उनके चचेरे भाई सत्य प्रकाश उर्फ बब्लू का परिवार रहता है। सतीश कुमार का बेटा दिन में 11 बजे रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। सतीश की पत्‍‌नी सुमन ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। पड़ोसी यह भी नहीं बता सके कि उन्होंने शाश्वत को किसी को ले जाते हुए देखा है। इसके बाद सुमन ने परिवार के सदस्यों की इसके बारे में बताया। उन्होंने काफी प्रयास किया लेकिन कुछ पता नहीं चला तो पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दे दी। डॉयल 100 की टीम को कोई सफलता नहीं मिली तो परिवारवालों ने उतरांव थाने को इसकी सूचना दे दी।

नाला-तालाब तक खंगाल डाला

टीम के साथ पहुंचे एसओ उतरांव गजानन्द चौबे ने आस-पास के नाले तालाब भी खोजवा लिया लेकिन किसी से कुछ पता नहीं चला। पुलिस के साथ सत्य प्रकाश भी खोजबीन में लगा था इसलिए किसी को शक भी नहीं हुआ कि वह बच्चे की हत्या कर सकता है। कोई सुराग न मिलने पर पुलिस ने मासूम के परिजनों से रंजिश के बारे में पूछताछ की। इसके बाद पुलिस पड़ोसी सत्य प्रकाश के घर की तलाशी लेने पहुंच गई। दूसरी मंजिल पर पहुंचे तो कमरे के बेड पर सत्य प्रकाश का साला लेटा हुआ था। उठाने पर नींद का बहाना किया और कहा कि हम लोग कानपुर से आये है और थके हुए है। बेड पर रखे चद्दर को थानाध्यक्ष ने हटाया तो उसके नीचे बेड पर खून से लथपथ मासूम शाश्वत की बॉडी दिख गई। उसका मुंह कपड़े से बंधा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी तथा शव के साथ सत्यप्रकाश, उसकी पत्‍‌नी कंचन, साला, ससुर कल्पनाथ, सास जो कि कानपुर के रहने वाले है को पकड़कर थाने ले गई।

दोनो खानदान के बुझ चुके चिराग

सतीश और सत्य प्रकाश के बाबा एक की पिता की संतान थे। वक्त बदलने के साथ दोनों के परिवार बढ़ते गए। सब अलग-अलग अपनी गृहस्थी चलाने लगे। एसपी गंगापार सुनील कुमार सिंह ने बताया कि कुछ दिनो पहले दोनो परिवारों के बच्चों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी दौरान चोट लगने से सत्य प्रकाश का इकलौता बेटा कोमा में चला गया। घर के चिराग को बचाने की इस परिवार ने भरपूर कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। फाइनली उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तभी से सत्य प्रकाश की पत्‍‌नी कंचन सतीश के बच्चों से चिढ़ने लगी थी। अक्सर वह उसके बच्चों को डांटती रहती। इसके चलते दोनों परिवारों में अनबन भी थी। इसके बाद भी सत्य प्रकाश की बेटी सतीश के बेटे के साथ खेलती थी। एसपी के अनुसार आज दिन में शाश्वत को बुलाकर सत्य प्रकाश की बेटी ही ले गई थी। उसकी हत्या सत्य प्रकाश की पत्‍‌नी कंचन ने की। इसकी जानकारी उसके पति को हो गई थी फिर भी उसने चुप्पी ओढ़ रखी थी। उसके मायके पक्ष के लोगों को भी इसका पता था। बच्चे की बॉडी के पास सत्य प्रकाश उर्फ बब्लू का साला सोया हुआ था। पुलिस ने इन सभी को उठाया और पूछताछ की तो यह राज खुलकर सामने आया। सतीश को परिवार को चार महीने के भीतर दूसरा झटका लगा है। इससे पहले उसकी पत्‍‌नी की गर्भ में पल रहा चार माह का बच्चा मिसकैरेज हो गया था। इकलौती संतान की मौत ने इस परिवार को हिलाकर रख दिया है।

उक्त लोग बोलेरो से शाश्वत की बॉडी ठिकाने लगाने की फिराक में था। इससे पहले ही पुलिस पहुंच गई तो मामला खुल गया। स्थिति अब नियंत्रण में है। बच्चे की बॉडी पोस्टमार्टम के लिए भेजी जा रही है।

गजानन्द चौबे

एसओ उतरांव

हत्यारोपी कंचन और उसके पति सत्य प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल रंजिशन बच्चे की हत्या करने की बात सामने आ रही है। पुलिस पड़ताल कर रही है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

सुनील कुमार सिंह

एसपी, गंगापार

Posted By: Inextlive