मायके वालों ने ससुरालियों पर लगाया दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप

ALLAHABAD: कर्नलगंज थाना क्षेत्र के पुराना कटरा निवासी एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। रविवार की सुबह जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी होते ही उसके मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मायके वालों ने ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी है।

कमरे में मिली लाश

प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित राजापुर गांव निवासी राजेन्द्र प्रसाद शुक्ला ने वर्ष 2010 में बेटी आरती की शादी कर्नलगंज निवासी लोकेन्द्र से की थी। शादी के बाद उसे एक बेटी और एक बेटा हुआ। शनिवार रात आरती अपने कमरे में सोने के लिए चली गई। दोनों बच्चें भी दूसरे कमरे में सोने चले गए। रविवार की सुबह कमरे में आरती का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आरती के पिता राजेन्द्र, चाचा और कई सदस्य उसके ससुराल पहुंच गए। पुलिस की पूछताछ मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न हो पाने के कारण ससुरालियों ने उसकी हत्या करके शव को फांसी पर लटका दिया।

मृतका के पिता ने पति लोकेन्द्र, जेठ विक्की और सास सुभद्रा के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।

सच्चिदानंद त्रिपाठी, इंस्पेक्टर कर्नलगंज

Posted By: Inextlive