-कर्नलगंज, सिटी बारवारी व लूकरगंज सहित एक दर्जन से अधिक पूजा पांडालों में खेली गई सिंदूर की होली

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: शहर के पूजा पंडालों में विजयादशमी पर उल्लास का माहौल दिखाई दिया। खासतौर से सर्वाधिक पुरानी कर्नलगंज, सिटी, लूकरगंज, दरभंगा, टैगोर टाउन, अशोक नगर, रामानंद नगर बीएचएस, दारागंज, गोविंदपुर व कटघर बारवारियों की ओर से स्थापित पूजा पंडालों में पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विजयादशमी की रस्म पूरी की। उसके बाद महिलाओं ने देवी दुर्गा को सिंदूर लगाया, पान से गालों को चूमा और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। ठाकिए की धुन पर नाचती महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर होली खेली और नम आंखों से देवी दुर्गा को विदाई दी।

रामघाट पर उड़ाया अबीर-गुलाल

पूजा पंडालों में चेहरे पर मुस्कान लिए महिलाओं ने देवी दुर्गा से आशीष मांगा उसके बाद शहर की बड़ी-बड़ी बारवारियों के साथ ही गली-मोहल्लों से देवी दुर्गा की प्रतिमा को विसर्जित करने के लिए रामघाट ले जाया गया। जहां नाचते-गाते महिलाओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया और प्रतिमा को विसर्जित किया। विसर्जन का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।

Posted By: Inextlive