मामा की फेसबुक फ्रेंड को भांजे ने सेट कर लिया सेट

बदला लेने के लिए सलमान के भांजे को कर लिया किडनैप, प्रेमिका को लौटाने की रखी थी शर्त

PRAYAGRAJ: करेली एरिया में रिश्तों को कलंकित करने वाला मामला प्रकाश में आया है। रिश्ते के नाना ने ही फेसबुक प्रेमिका को पाने के लिए 15 माह के नाती का ही अपहरण कर लिया। प्रेमिका को न लौटाने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी दे डाली। वहीं मासूम के अपहण की जानकारी होने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। जिसके बाद करेली थाने में मुकदमा दर्ज कर एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी के निर्देशन पर बच्चे को सकुशल बरामद के लिए करेली पुलिस के साथ सर्विलांस प्रभारी बृजेश सिंह की टीम को लगा दिया।

फोन एप के जरिये कर रहे थे बात

शातिर अपहरणकर्ता फोन के स्थान पर मोबाइल एप के जरिए आपस में बातचीत कर रहे थे। इससे पुलिस का अपहरणकर्ताओं तक पहुंच पाना मुश्किल हो रहा था। प्रकरण की जांच कर रहे सर्विलांस प्रभारी व क्राइम ब्रांच से जुड़े बृजेश सिंह को यह फैक्ट पता चला तो उन्होंने अपनी स्टाइल में जाल फैलाया। उनका तीर निशाने पर लगा और पुलिस टीम अपहरणकर्ताओं तक पहुंच गई। 48 घंटे के अंदर पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके माता पिता को सौंप दिया है। पुलिस ने मुख्य अपहरणकर्ता शौकत उर्फ नन्हें और उसके साथी दिलदार को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में नन्हें ने अपहरण के पीछे की पूरी कहानी बतायी। उसके घटना कुबूल कर लेने के बाद पुलिस ने दोनों को चालान करके जेल भेज दिया।

सउदी से शुरू हुई प्रेम कहानी

पुलिस अफसरों की मौजूदगी में नन्हें की तरफ से जो कहानी बतायी गयी उसके मुताबिक शौकत उर्फ नन्हें सऊदी में रहकर काम करता था। वह फेसबुक पर एक्टिव था। यहीं उसका परिचय राशिदा (परिवर्तित नामम) से हुआ। यह जानने के बाद कि राशिदा करेली एरिया की रहने वाली है नन्हें ने उसमें इंट्रेस्ट शो करना शुरू कर दिया। फेसबुक पर दोनों के बीच काफी बातें होने लगीं। पहले से शादीशुदा होने के बाद भी नन्हें ने राशिदा के सामने निकाह का प्रस्ताव रख दिया। नन्हें का कहना है कि राशिदा इस प्रस्ताव से सहमत थी। इसके बाद वह इंडिया लौटा तो फिजिकल तौर पर निकाह के प्रस्ताव को अमली जामा पहनाने में लग गया। भांजे सलमान को लड़की के पास शादी का प्रस्ताव लेकर भेजा।

भांजा खुद लग गया लाइन में

मामा के लिए निकाह का प्रस्ताव लेकर पहुंचा सलमान खुद राशिदा को सामने देखकर फिदा हो गया। सलमान ने राशिदा को साफ-साफ बता दिया कि शौकत उर्फ नन्हें शादीशुदा ही नहीं चार बच्चों का बाप भी है। सलमान की इस साफगोई से राशिदा प्रभावित हो उठी और उसी से निकाह करने का प्रस्ताव रख दिया। नतीजा उसने शौकत से दूरी बनानी शुरू कर दी और सलमान के नजदीक आ गयी। शौकत को राशिदा का दूरी बनाना खटक गया। उसने पता भी लगा लिया कि राशिदा के इस व्यवहार के पीछे सलमान है। इस पर उसने सलमान को सबक सिखाने का फैसला लिया और दिलवर नामक व्यक्ति को अपने साथ लेकर सलमान के घर पहुंचा। सलमान नहीं मिला तो वह उसकी बहनोई मंसूर के 15 माह के बेटे को उठा ले गया। 22 सितम्बर को हुई अपहरण की घटना के बाद शौकत ने सलमान को फोन करके अपनी फेसबुक फ्रेंड को वापस करने की मांग की। बच्चे के अपहरण की जानकारी होने पर करेली एरिया के करेहदा निवासी मंसूर ने पुलिस को सूचित किया। इस पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी थी।

बच्चे को सकुशल बरामद करना बड़ा चैलेंज था। इस घटना को वर्कआउट करने में लगायी गयी टीम ने शानदार काम किया है। इसके लिए उसे पुरस्कृत भी किया जायेगा। आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।

सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी,

एसएसपी प्रयागराज

Posted By: Inextlive