आई एक्सक्लूसिव

अब 48 घंटे के भीतर मिल जाएगा फूड लाइसेंस

शासन ने व्यापारियों को दी राहत, लंबे समय से चल रही थी मांग

सालाना बारह लाख से अधिक का टर्नओवर होने पर बनता है फूड लाइसेंस

ALLAHABAD: शहर के फूड व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। अब उनका फूड लाइसेंस 48 घंटे के भीतर बन जाएगा। उन्हें इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का चक्कर नही काटना होगा। बस उन्हे ऑनलाइन आवेदन करते समय सभी जरूरी डाक्यूमेंट प्रस्तुत करने होंगे। इसके ठीक अगले दिन उन्हें लाइसेंस प्रदान कर दिया जाएगा। शहर में कितने बड़े फूड आपरेटर्स हैं, इसकी जानकारी के लिए दस अगस्त से सर्वे भी शुरू किया जा रहा है।

30 दिन का लगता था समय

साल में बारह लाख रुपए से नीचे का व्यापार करने वाली फर्म का फूड रजिस्ट्रेशन होता है और इससे ऊपर का व्यापार करने वालों का लाइसेंस बनाया जाता है। यह ऑनलाइन प्रक्रिया है लेकिन अभी तक 15 दिन से तीस दिन में लाइसेंस तैयार होता है। इस बीच व्यापारी को कई बार डॉक्यूमेंट की हार्ड कॉपी जमा कराने के लिए विभाग का चक्कर काटना पड़ता था। कई बार व्यापारियों ने शासन से लाइसेंस की आड़ में शोषण की शिकायत भी दर्ज कराई।

50 फीसदी का नही बना है लाइसेंस

इसी लेटलतीफी और इंस्पेक्टर राज के चलते अभी तक शहर के पचास फीसदी फूड ऑपरेटर्स के लाइसेंस नही बन सके हैं। जानकारी के मुताबिक अभी तक महज दो हजार के लाइसेंस ही बनाए गए हैं। जबकि शहर में इससे कहीं ज्यादा बड़े खाद्य व्यापारी मौजूद हैं। जिनका अब तक लाइसेंस बन जाना चाहिए था। यही कारण था कि शासन को 48 घंटे के भीतर लाइसेंस देने की नई गाइड लाइन जारी करनी पड़ी।

बीस दिन में देनी होगी सर्वे रिपोर्ट

शहर में कुल कितने लोगों का लाइसेंस बनाया जाना है। इसकी एक्चुअल जानकारी प्राप्त करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग एक सर्वे कराने जा रहा है। जिसके तहत दस अगस्त से अगले बीस दिन तक फूड इंस्पैक्टर्स को एरियावाइज व्यापारियों की गिनती करनी होगी। उसके बाद यह रिपोर्ट विभाग को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट तैयार होने के बाद आसानी से लाइसेंस का काम पूरा किया जाएगा।

लाइसेंस बनवाने में लगते हैं डाक्यूमेंट

आईडी, एड्रेस प्रूफ

प्रतिष्ठान का नक्शा

ब्लू प्रिंट, मशीनरी

इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी

पानी का यूज है तो उसकी डिटेल

2000

अब तक बनाए गए फूड लाइसेंस

500

पेंडिंग फूड लाइसेंस

30

दिन लगते हैं फूड लाइसेंस बनने में

5000

रुपए तक है लाइसेंस बनवाने की फीस

यह सरकार का बड़ा कदम है। व्यापारियों को महज दो दिन के भीतर लाइसेंस मिल जाएगा। उन्हें बस अपने डॉक्यूमेंट की हार्ड कॉपी रखनी होगी। उन्हें बार-बार विभाग का चक्कर नही लगाना पड़ेगा।

आरपी गुप्ता, डिवीजनल एफएसओ, इलाहाबाद

शहर में कितने फूड आपरेटर्स हैं। इसकी जानकारी प्राप्त करने के लिए एक सर्वे शुरू किया जा रहा है। जिसकी रिपोर्ट बीस दिन में आ जाएगी। इससे लाइसेंस का एक्चुअल स्टेटस पता चला सकेगा।

जेपी मौर्या, असिस्टेंट कमिश्नर, इलाहाबाद मंडल

Posted By: Inextlive