झूंसी में हुई घटना चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज


प्रयागराज (ब्यूरो)। झूंसी में सड़क चौड़ीकरण के दौरान बवाल हो गया। स्थानीय लोग बिजली का एक खंभा हटाने के दौरान उग्र हो गए। भीड़ ने बिजली विभाग, पीडीए के कर्मचारियों को घेर लिया। लोग खंभा हटाने का विरोध करने लगे। नौबत मारपीट तक पहुंच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने बीच बचाव किया तो लोग पुलिस से भी भिड़ गए। पुलिस और लोगों के बीच हाथापाई हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। ये है मामला
झूंसी छतनाग रोड पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण द्वारा सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। कार्य के निरीक्षण के लिए मौके पर पीडीए के अधिशाषी अभियंता बीपी सिंह, सहायक अभियंता अभिषेक शुक्ला, बिजली विभाग के अवर अभियंता जय प्रकाश पाठक समेत कई कर्मचारी मौजूद थे। न्यू स्कॉलर एकेडमी के पास एक बिजली का खंभा लगा है। उसे हटवाने के लिए मजदूर काम कर रहे थे। तभी लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। सरकारी कर्मचारियों को लोगों ने घेर लिया और विरोध करने लगे। इस बीच सूचना पाकर झूंसी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को नियंत्रित करने का प्रयास किया, इस पर गुस्साए लोग पुलिस ने भिड़ गए। हाथापाई शुरू हो गई। पुलिस की संख्या कम होने से लोग भारी पड़ गए। पुलिस वालों और सरकारी कर्मचारियों ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। इसके बाद कर्मचारियों की तहरीर पर झूंसी थाने में गुलाबचंद, आशुतोष, अरविंद सिंह, अनिकेश कुमार को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

छतनाग रोड पर बिजली का खंभा हटाए जाने के दौरान लोगों ने सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। पुलिस पहुंची तो लोग पुलिस वालों से भी भिड़ गए। सरकारी कर्मचारियों की तहरीर पर उपद्रव करने वालों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।उपेंद्र प्रताप सिंहथाना प्रभारी झूंसी

Posted By: Inextlive