अवैध संबंध में की गई थी निर्मम हत्या

सरायइनायत थाना क्षेत्र के सुदनीपुर गांव में किराए पर रहने वाले राजू की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार शाम एक और शख्स को पकड़ लिया। मुख्य आरोपित की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। अब तक की छानबीन में पता चला है कि राजू का अपने दोस्त की परिचित महिला के साथ अवैध संबंध था। इसकी जानकारी होने पर उसे समझाया गया था कि महिला से दूरी बना ले। मगर वह नहीं माना। तब दोस्त ने सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची। इसके बाद राजू को शराब पिलाया और मुर्गा खिलाया गया। जब वह नशे में आ गया तो धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, उसका गुप्तांग भी काट डाला गया था। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि राजू अपनी कमाई का काफी हिस्सा उस महिला पर खर्च करता था। इसके चलते महिला का अपने पति से संबंध खराब हो रहे थे। फिलहाल सरायइनायत पुलिस गुरुवार को सैदाबाद, हंडिया समेत कई गांव में छापेमारी की। इस दौरान अभियुक्त के एक साथी को पकड़ लिया गया और फिर थाने लाकर पूछताछ होती रही। एसपी गंगापार धवल जायसवाल का कहना है कि शुक्रवार तक सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Posted By: Inextlive