बाइक मैकेनिक विजय की गला रेतकर हुई हत्या का खुलासा

दोस्त के साथ मिलकर प्रेमिका के चचेरे भाई ने दिया था घटना को अंजाम

PRAYAGRAJ: बाइक मैकेनिक विजय राज बिन्द हत्या आशिकी के चलते हुए थी। शादी होने के बावजूद वह प्रेमिका का पीछा नहीं छोड़ रहा था। यह बात उसकी प्रेमिका के चचेरे भाई को खटकती थी। कई बार बहन से दूर रहने की हिदायत देने के बावजूद वह हरकत से बाज नहीं आ रहा था। यही वजह थी कि वह दोस्त के साथ मिलकर दुकान के अंदर विजय का गला रेत दिया। कत्ल के बाद दोनों भाग निकले। इस बात का खुलासा शनिवार को एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने किया। साथी के साथ पकड़े गए कातिल को जेल भेज दिया गया।

21 को हुई थी घटना

बाइक मैकेनिक विजय राज बिन्द की गला रेतकर 21 अक्टूबर को हत्या कर दी गई थी। खून से लथपथ उसकी बॉडी माण्डा के खास तारा चौराहे पर दुकान में मिली। वह जिस दुकान में गैराज चलाता था उसी के अंदर रात में सोता भी था। कत्ल के इस मामले में राम देव बिन्द की तहरीर पर मुकदमा लिखा गया। कातिल की तलाश में एसएसपी द्वारा एसओजी यमुनापार वृंदावन राय को लगाया गया था। एसओजी टीम को मालूम चला कि माण्डा के टिकरी तिराहे पर हत्या के आरोपित मौजूद हैं। खबर पर ऐतबार कर टीम माण्डा पुलिस के साथ मौके पर जा पहुंची। पुलिस देख छिप रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में एक ने अपना नाम चंद्रेश्वर पटेल उर्फ प्रियांशु निवासी बेदों औद्योगिक क्षेत्र व दूसरे ने खुद को धनन्जय सिंह पटेल निवासी जगौती थाना करछना बताया। शक होने पर पुलिस अपने पर आई तो दोनों को गुनाह करने में देर नहीं लगी।

चेतावनी के बाद भी नहीं छोड़ा पीछा

एसएसपी के मुताबिक गिरफ्तार किए गए चंद्रेश्वर पटेल ने विजय राज बिन्द की हत्या का राज कबूल किया। बताया कि विजय का उसकी चचेरी बहन से प्रेम सम्बंध थे। शादी के बाद भी वह बहन का पीछा नहीं छोड़ रहा था। कई बार चेतावनी देने के बावजूद जब वह नहीं माना। इस पर चंद्रेश्वर अपने दोस्त धनन्जय को फोन कर बुलाया। दोनों माण्डा पहुंचे और मौके की तलाश में थे। रोज की तरह 21 तारीख को भी वह दुकान के अंदर ही सो रहा था। कहा कि दुकान में ही साथी ने उसे दबोच लिया और खुद विजय का गला रेत कर हत्या कर दिया। कत्ल के बाद दोनों वहां से बाइक लेकर भाग निकले थे।

मर्डर केस का खुलासा हो गया है। आरोपित गिरफ्तार कर लिये गये हैं। इन्हें कोर्ट के समक्ष पेश करके जेल भेजा जा रहा है।

सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी

एसएसपी, प्रयागराज

Posted By: Inextlive