नगर निगम की ओर से शव यात्रा में शामिल होने के लिए की जा रही अपील

ALLAHABAD: अत्यंत दुख के साथ सूचित किया जाता है कि हम सभी के घरों-व्यापारिक प्रतिष्ठानों में परिवार के सदस्य के रूप में शामिल पॉलीथिन का सरकार द्वारा अंत कर दिया गया है। अब उसका अस्तित्व हमारे बीच नहीं रह गया है। इसलिए अब प्रति दिन पॉलीथिन की शव यात्रा निकाली जाएगी। इसमें शामिल होकर पॉलीथिन की अंतिम यात्रा को सफल बनाएं।

निगम की कूड़ा गाड़ी में जमा करें

पॉलीथिन पर बैन लगने के बाद सरकार के आदेश को पूरी तरह सफल बनाने और पॉलीथिन को पूरी तरह से प्रतिबंधित करने के लिए नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा अब कुछ इसी तरह से शहर के व्यापारियों और नागरिकों से अपील की जा रही है। अपर नगर आयुक्त ऋतु सुहास की ओर से इस तरह का संदेश जारी किया गया। इसके जरिए उन्होंने लोगों से अपील की है कि प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल करना बंद करें और उसे नगर निगम के कूड़ा गाड़ी में जमा करें।

सभी जोन से निकलेगी उठावनी

नगर निगम की योजना के अनुसार नगर निगम मुख्यालय के साथ ही सभी जोन से पर-डे दिन में 11 बजे पॉलीथिन की उठावनी निकलेगी। इसमें जोन के अधिकारी, कर्मचारी शामिल होंगे और कर्मचारी कूड़ा गाड़ी लेकर चलेंगे। इस दौरान लोगों से अपील की जाएगी कि वे अपने दुकान और घर में जितनी भी प्रतिबंधित पॉलीथिन है, उसे कूड़ा गाड़ी में डाल दें। ताकि पॉलीथिन को इस बार इस तरह से निस्तारित किया जाए कि वह दुबारा लौट कर न आने पाए।

लोगों को जागरुक करने के लिए पॉलीथिन की शव यात्रा निकाली जाएगी। इसकी शुरुआत गुरुवार को सेंट एंथोनी इंटर कॉलेज से होगी। इसके बाद भी अगर दुकानदार जागरुक नहीं हुए तो प्रतिबंधित पॉलीथिन मिलने पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाने के साथ ही एक साल के कारागार की भी सजा दिलाई जाएगी।

ऋतु सुहास

अपर नगर आयुक्त, नगर निगम

Posted By: Inextlive