-करीब 11 महीने से इविवि में हो रहा था स्थायी कुलपति का इंतजार

PRAYAGRAJ: प्रो। संगीता श्रीवास्तव इलाहाबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी की नई कुलपति बनी हैं। प्रो। संगीता श्रीवास्तव इविवि की 12 वीं शिक्षक हैं जिन्हें कुलपति बनने का गौरव हासिल हुआ है। गौरतलब है कि रविवार को इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के विजिटर, प्रेसीडेंट रामनाथ कोविंद ने प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव के नाम पर मुहर लगा दी है। इविवि के रजिस्ट्रार ने रविवार रात इसकी पुष्टि की। इसके साथ ही इविवि का बीते 11 महीने से स्थाई कुलपति का इंतजार खत्म हो गया। गौरतलब है कि प्रो। रतनलाल हांगलू के बीते 31 दिसंबर को अपने पद से इस्तीफा देने के बाद कुलपति का पद खाली चल रहा था। कार्यवाहक कुलपति के रूप में आरआर तिवारी कामकाज देख रहे थे।

राज्यपाल ने जारी किया कार्यमुक्त संबंधी आदेश

अभी तक प्रो। संगीता श्रीवास्तव प्रोफेसर राजेंद्र सिंह रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय, प्रयागराज के वीसी की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। सूबे की राज्यपाल और राज्य विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल की तरफ से रविवार को ही प्रो। संगीता श्रीवास्तव को विवि से कार्यमुक्त करने का आदेश भी जारी कर दिया गया। कुलाधिपति के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान में विवि में नियमित कुलपति की नियुक्ति तत्काल किया जाना सम्भव नहीं है। ऐसे में उत्तर प्रदेश राज्य विवि अधिनियम-1973 की धारा-12 (10) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए मुक्त विवि के कुलपति प्रो। केएन सिंह को पद के दायित्व के निर्वहन के लिए नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक अथवा अग्रिम आदेश तक राज्य विवि का कुलपति नियुक्त किया गया है।

निभा चुकी हैं कई जिम्मेदारियां

प्रो। संगीता श्रीवास्तव ने अपने तीन दशक के करियर में तमाम महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। प्रो। श्रीवास्तव इविवि प्रवेश समिति की चेयरपर्सन, महिला उत्पीड़न के खिलाफ गठित सी-कैश की अध्यक्ष के साथ एकेडमिक कौंसिल, एग्जीक्यूटिव कौंसिल समेत कई कमेटियों की सदस्य भी रह चुकी हैं।

बनेंगी चौथी स्थायी कुलपति

साल 2005 में इविवि को केंद्रीय विवि का दर्जा मिला था। अब तक इविवि को तीन स्थायी कुलपति मिल चुके हैं। पहले कुलपति प्रो। राजन हर्षे थे। इसके बाद प्रो। एके सिंह और फिर प्रो। रतन लाल हांगलू थे। अब प्रो। संगीता श्रीवास्तव को चौथा स्थायी कुलपति नियुक्त किया गया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (आटा) के अध्यक्ष प्रो। राम सेवक दुबे ने प्रो। संगीता श्रीवास्तव को नए प्रभार के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Posted By: Inextlive