रामघाट से लेकर अरैल घाट तक जले असंख्य दीपदान

उल्लास के माहौल में शहरियों ने किया दीपदान

सामाजिक संस्थाओं ने भी किया आयोजन में प्रतिभाग

ALLAHABAD: संगम नोज पर जिला प्रशासन की अगुवाई में देव दीपावली महोत्सव का रंगारंग आयोजन हुआ। एक-दूसरे के हाथ से हाथ मिलाकर शहरियों ने रामघाट, बलुआघाट, अरैल घाट, नागवासुकि मंदिर व बड़े हनुमानजी मंदिर सहित अन्य स्थानों पर आयोजित दीप पर्व में उल्लास के साथ शामिल होकर दीपदान किया।

अलौकिक नजारा दिखा

इस दौरान रामघाट पर अलौकिक नजारा दिखा। हरिहर गंगा आरती समिति की ओर से आयोजित दीप महोत्सव शहीदों के नाम रहा। यहां उपस्थित जनसमूह ने सैनिकों के सम्मान में सवा लाख दीपदान किया। बालू की रेती व सड़क के दोनों किनारों पर शहरियों ने दीपक जलाया। भाजपा शहर अध्यक्ष अवधेश गुप्त व सुरेश चंद्रा की देखरेख में मां गंगा की आरती उतारी गई।

जलाए 11 हजार दीप

बंधवा स्थित बड़े हनुमान मंदिर में दीप पर्व धूमधाम से मनाया गया। योग गुरु आनंद गिरि की अगुवाई में मंदिर परिसर के इर्दगिर्द 11 हजार दीपक जलाए गए। आस्था से सराबोर वातावरण में आनंद गिरि ने मां गंगा की आरती उतारी। श्रद्धालुओं ने भी दीपदान में आस्था भाव के साथ हिस्सा लिया और मंदिर के चारों ओर दीपदान किया। बलुआघाट बारादरी की सीढि़यों पर असंख्य दीप जलाए गए। बाबा समाज सेवी संस्थान के अध्यक्ष व पार्षद सतीश केशरवानी व क्षेत्रीय लोगों ने मां यमुना की आरती उतारी और घाट पर दीपदान किया।

विश्व धरोहर के दर्जा की मांग

प्रयागराज सेवा समिति की ओर से नागवासुकि मंदिर परिसर में लोगों ने एक दीप अपने परिवार और दूसरा दीप संगम को यूनेस्को से विश्व धरोहर का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर जलाया। समिति संयोजक तीर्थराज पांडेय व पुजारी पं। श्यामधर त्रिपाठी की देखरेख में घंटा, घडि़याल, मृदंग व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा की आरती उतारी गई। अरैल घाट का भी नजारा असंख्य दीपों की जगमगाहट से रोशन हो उठा। आस्था और उल्लास के रंग में रंगे देव दीपावली महोत्सव में बड़े-बुजुर्गो, महिलाओं व बच्चों ने शामिल होकर दीपदान किया।

Posted By: Inextlive