KAUSHAMBI : विगत कई दिनों से पड़ रही ठंड का रुख कातिलाना हो गया है। जिले में ठंड लगने से किसान व खोया व्यवसायी की मौत हो गई। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम है। उधर इलाज से हो रही मौत को देखते हुए अस्पताल पहुंचे लोगों को डॉक्टर सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।

किसान की ठंड से मौत

मंझनपुर कस्बे में स्थित दलित बस्ती निवासी एक अधेड़ की शनिवार की भोर ठंड लगने से मौत हो गई। दलित बस्ती निवासी लखनलाल 65 पुत्र बंशीलाल का कस्बे के बाहर खेत है। शुक्रवार की शाम वह घर से खेत में पानी लगाने के लिए निकला था। रात में पानी लगाने के दौरान वह ठंड की चपेट में आ गया। भोर में घर लौटा तो परिवार के लोगों को इसकी जानकारी हुई। जब तक वह उपचार की तैयारी करते उसकी मौत हो गई। उसकी मौत से परिवार में रोना पिटना मच गया। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

व्यवसायी की गई जान

कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर बदले गांव निवासी रामभवन 40 पुत्र बृजलाल खोया का व्यवसाय करता है। शनिवार की भोर वह खोया लेकर इलाहाबाद गया था। सुबह पास लौटते समय वह ठंड की चपेट में आ गया। रास्ते में उसने उपचार कराया, लेकन कोई लाभ नहीं मिला। जैसे ही वह घर पहुंचा। अचानक पेट में दर्द की शिकायत करने लगा। परिवार के लोग कुछ समझ पाते उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद मूरतगंज चौकी मौके पर पहुंची। परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम से इंकार कर दिया। परिवर के लोगों ने शव का अंतिम संस्कार करा दिया।

बाक्स

खेत की रखवाली कर रहे अधेड़ को पीटा

करारी थाना क्षेत्र के थांभा अलावलपुर गांव में गुरुवार को खेत की रखवाली कर रहे एक किसान को कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पीट दिया। करारी थाने के अगियौना निवासी अमृतलाल 65 पुत्र सुखऊ कई सालों से अपनी ससुराल थांभा अलावल गांव में रहता है। गुरुवार की रात वह गांव के ही एक व्यक्ति के खेत की रखवाली कर रहा था। उसी समय आधा दर्जन नकाब पोस लोगों ने उस पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे से मारकर उसे घायल कर दिया। इसकी जानकारी गांव के लोगों को हुई तो वह शोलगुल सुनकर मौके की ओर भागे। लोगों को आता देख हमलावल फरार हो गए। ग्रामीणों ने उसे आनन-फानन जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। दो दिनों के उपचार के बाद भी उसकी हालत में सुधार होता न देख परिजन उसे लेकर इलाहाबाद के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

Posted By: Inextlive