- माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने झांसी, बरेली व देवीपाटन का रिजल्ट घोषित किया

- नौ साल में अब तक दस मंडलों का जारी हो सका परिणाम

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने मंगलवार को प्रिंसिपल भर्ती 2011 के तीन मंडलों का परिणाम घोषित कर दिया। इसमें झांसी, बरेली और देवीपाटन मंडल के लिए 61 चयनितों का पैनल जारी किया गया है। हालांकि चयन के लिए साक्षात्कार काफी पहले पूरा हो चुका था। अब कोर्ट के आदेश पर रिजल्ट जारी किया गया है। जिसके बाद चयन बोर्ड की ओर से भर्ती शुरू होने के नौ सालों में अब तक दस मंडलों का परिणाम घोषित किया गया है।

2011 में बोर्ड की ओर से 942 पदों पर जारी हुआ था विज्ञापन

प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक कालेजों में प्रिंसिपल के रिक्त 942 पदों के सापेक्ष वर्ष 2011 में भर्ती के लिए विज्ञापन जारी हुआ था। उस समय सभी 16 मंडलों में पद खाली थे। अभ्यर्थियों से आवेदन लेकर 31 जनवरी 2014 को साक्षात्कार शुरू हुए। लेकिन लंबे समय तक भर्ती प्रक्रिया कोर्ट में फंसी रही। न्यायालय से हरी झंडी मिलने पर चयन बोर्ड ने प्रदेश के नौ मंडलों में 386 पदों के साक्षात्कार कराए, उनमें से 11 पद निरस्त कर दिये। चयन बोर्ड ने पहले चार मंडलों सहारनपुर, लखनऊ, मीरजापुर व वाराणसी का परिणाम जारी किया। कुछ माह बाद तीन और मंडल आजमगढ़, आगरा व प्रयागराज का रिजल्ट आया। इसमें चयनित ज्यादातर प्रधानाचार्य कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं।

कोर्ट की दखल पर जारी हुआ तीन मंडलों का परिणाम

माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से जिन मंडलों का रिजल्ट रुका है। वहां के दावेदार कोर्ट पहुंचे गए। कोर्ट के दखल के बाद तीन मंडलों देवीपाटन, बरेली व झांसी का रिजल्ट घोषित किया गया है। झांसी में बालक इंटरमीडिएट कालेजों में नौ, बालिका इंटर कालेजों में तीन, बालक हाईस्कूल कालेजों में सात और बालिका हाईस्कूल कालेजों में एक पैनल सहित कुल 20 जारी हुए हैं। इसी तरह से देवीपाटन मंडल में बालक इंटर में चार, बालक हाईस्कूल में पांच और बालिका हाईस्कूल में दो सहित कुल 11 पैनल और बरेली मंडल के लिए बालक इंटर के 13, बालिका इंटर के छह और बालक हाईस्कूल के 11 सहित कुल 30 पैनल जारी हुए हैं। बहरहाल, छह मंडलों के परिणाम की राह अभ्यर्थियों को देखनी पड़ेगी। इनका परिणाम कब तक आएगा, अभी स्पष्ट नहीं है। इतना ही नहीं भर्ती में कानपुर मंडल का साक्षात्कार अभी तक नहीं हुआ है।

Posted By: Inextlive