-नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की मनमानी की आ रही बातें

-कीडगंज की पार्षद किरण जायसवाल ने लगाया आरोप, फेसबुक पर किया पोस्ट

PRAYAGRAJ: सेनेटाइजेशन में लापरवाही हो रही है। प्योरिटी क्या है, क्वांटिटी क्या है, ये बाद की चीज है। आम पब्लिक चाहती है कि गाड़ी अगर रोड पर आई है और जहां तक गाड़ी जा सकती है, वहां तक आस-पास के पूरे इलाके में सेनेटाइजेशन होना चाहिए। पब्लिक और पार्षद दोनों यही चाहेंगे। लेकिन निगम के अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। ये हम नहीं कह रहे, बल्कि कीडगंज वार्ड की भाजपा पार्षद किरण जायसवाल का यही आरोप है।

फेसबुक पर लिखी पोस्ट

पार्षद किरण जायसवाल ने रविवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे फेसबुक पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने लिखा कि पब्लिक के स्वास्थ्य पर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की मनमानी और लूट भारी। सेनेटाइजेशन के नाम पर लूट का खेल। उनकी इस पोस्ट पर सैकड़ों कमेंट आए हैं। इसमें लोगों ने उनकी इस शिकायत को सही ठहराया है और नगर निगम को लोग दोषी ठहरा रहे हैं।

जोनल का है दबाव

पार्षद किरण जायसवाल ने कहा कि उनके वार्ड में टीवीएस शो-रूम से आगे का एरिया हॉट स्पॉट एरिया घोषित हुआ। हम पब्लिक के लिए काम कर रहे हैं। सेनेटाइजेशन की गाड़ी आ रही है तो कहने के बाद भी आस-पास के मोहल्लों में सेनेटाइजेशन नहीं हो रहा है। ड्राइवर कह रहा है कि जोनल जब तक नहीं कहेंगे, तब तक नहीं होगा। जोनल के कहने पर उनका जवाब आ रहा है कि नहीं होगा, मेन रोड तक ही होगा।

इन पार्षदों ने पोस्ट पर किया ये कमेंट

दो दिन से मैं सेनेटाइजेशन के लिए टाटा एस अपने वार्ड के लिए मांग रही हूं। मेरे यहां कुम्हार बस्ती में कोरोना पॉजिटिव केस आया है। लेकिन आज दो दिन बाद भी गाड़ी नहीं दी गई।

-नीलम यादव

पार्षद, नैनी

पूरी निगम लूट में व्यस्त है। कोई सुनने वाला नहीं है। धांधली चरम पर है। इसको लेकर जिम्मेदारों को भी अलर्ट होना चाहिए। ताकि इस तरह की मनमानियों पर लगाम लगाई जा सके।

-अब्दुल समद

पार्षद

मेरी पोस्ट सत्य पर आपकी पोस्ट द्वारा कमेंट का स्वागत है। सत्य तो बोला। बहुत जरूरत है कि इस तरह की मनमानियों पर रोक लगाई जाए।

ओमप्रकाश द्विवेदी

पार्षद, मालवीय नगर

पार्षद और अधिकारियों का ग्रुप बना है। इसमें कोरोना पॉजीटिव मिलने की जानकारी सभी हो जाती है। उसके बाद भी बिना कहे सेनेटाइजेशन की गाड़ी नहीं आती।

-कुसुमलता गुप्ता

पार्षद मोहत्सिमगंज

मेरे वार्ड में कई कोरोना पॉजीटिव केस मिल चुके हैं। करीब एक महीने पहले सेनेटाइजेशन हुआ था। एक महीने में दुबारा कभी सेनेटाइजेशन नहीं हुआ, जबकि कई कोरोना पॉजीटिव केस मिल चुके हैं।

-कमलेश तिवारी

पार्षद शिवकुटी

किसी एक वार्ड में क्या व्यवस्था है, यह मैं नहीं जानता। लेकिन मेरे वार्ड में काम बेहतर हो रहा है। टीम आती है, सेनेटाइजेशन कर रही है। रविवार को मैंने खुद कई मोहल्लों में सफाई और सेनेटाइजेशन कराया।

-नेम यादव

पार्षद बादशाही मंडी

Posted By: Inextlive