दो युवकों को पकड़ कर किया गया पुलिस के हवालेसिविल लाइंस में केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण का मामला

प्रयागराज (ब्‍यूरो)। सिविल लाइंस में केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण के गेट पर सिपाही पर जानलेवा हमला किया गया। घटना उस वक्त हुई जब एक जज अधिकरण से जाने वाले थे। सिपाही ने गेट पर खड़े दो युवकों को हटने के लिए कहा। इस पर दोनों युवक सिपाही से भिड़ गए। सिपाही का गला दबा दिया। सिपाही की रायफल छीनने का प्रयास किया। तब तक अधिकरण के कर्मचारी आ गए। कर्मचारियों ने दोनों को पकड़ लिया। सूचना पाकर पहुंची सिविल लाइंस पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। सिपाही की तहरीर पर दोनों युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। दोनों युवकों को जेल भेज दिया गया है।

सिपाही पर किया जानलेवा हमला
सिविल लाइंस स्थित केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण के गेट पर सिपाही दीपनारायण सिंह की ड्यूटी रहती है। शाम को करीब पांच बजे जज वीके श्रीवास्तव को जाना था। सिपाही दीपनारायण सिंह ने गेट खोला। गेट के सामने तीन युवक बाइक खड़ी करके आपस में बात कर रहे थे। सिपाही दीप नारायण ने तीनों को वहां से हटने के लिए इशारा किया। तीनों ने हटे तो सिपाही दीप नारायण ने आवाज लगाई। इस पर दो युवक दीप नारायण से भिड़ गए। जबकि एक युवक भाग निकला। एक युवक ने सिपाही का गला पकड़ लिया। जबकि दूसरे युवक ने सिपाही की राइफल छीनने का प्रयास किया। गला कसने से सिपाही का दम घुटने लगा। चलती सड़क पर सिपाही पर जानलेवा हमला किया गया, मगर किसी ने विरोध नहीं किया। इस बीच वहां मौजूद एक ड्राइवर ने आवाज लगाई तो अधिकरण के कर्मचारी आ गए। कर्मचारियों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।

हत्या के प्रयास का केस दर्ज
सिपाही दीप नारायण सिंह की तहरीर पर दोनों युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया। पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम अख्तर अली तो दूसरे ने अपना नाम मो.आरिफ बताया। दोनों बेली कालोनी कैण्ट के रहने वाले हैं। दोनों को सिविल लाइंस पुलिस ने जेल भेज दिया है।

दो युवकों ने सिपाही के साथ मारपीट की। दोनों को पकड़ लिया गया है। सिपाही की तहरीर पर दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
अभय चंद, चौकी प्रभारी सिविल लाइंस

Posted By: Inextlive