- एमएलसी चुनाव में निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के रईस चंद्र शुक्ला को 257 वोट से हराया

- चार घंटे चली मतगणना के बाद घोषित हुआ परिणाम

ALLAHABAD: इलाहाबाद-कौशांबी एमएलसी सीट के चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रत्याशी बासुदेव यादव ने जीत की बंसी बजाई है। उन्होंने नजदीकी मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी रईस चंद्र शुक्ला को को 257 वोट से हरा दिया। रविवार को सुबह चार घंटे तक चली मतगणना के बाद परिणाम घोषित होने पर सपा कार्यकर्ताओं ने चेहरे खिल उठे। सपा प्रत्याशी की जीत पर गगनभेदी नारे लगाए। विजयी प्रत्याशी को मतगणना स्थल पर फूल-मालाओं से लाद दिया गया। इस बीच पार्टी प्रत्याशी हार से निराश भाजपा कार्यकर्ताओं की सपाईयों से नोकझोक भी हुई।

पल-पल अटकी थी सांसें

तीन मार्च को हुए मतदान के बाद तीनों प्रत्याशियों की किस्मत बॉक्स में बंद हो गई थी। रविवार सुबह तहसील सदर मतगणना केंद्र में जब बक्से खुले तो प्रत्याशी और उनके समर्थकों की सांसें अटकी हुई थीं। जैसे-जैसे मतों की गिनती बढ़ रही थी, धड़कनों की रफ्तार भी तेज हो रही थी। शुरुआत से ही सपा और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर चल रही थी। हालांकि, बाद में सपा के बासुदेव यादव ने बढ़त बनानी शुरू की जो अंत तक कायम रही। चुनाव परिणाम आने पर उन्होंने भाजपा के रईस चंद्र शुक्ला को 257 वोट से हराकर जीत हासिल की। निर्दलीय प्रत्याशी चंद्र दत्त शुक्ला को महज 32 वोटों से संतोष करना पड़ा।

चेहरे पर दिखी हार की कसक

भाजपा और सपा ने इस चुनाव में पूरा जोर लगा रखा था। जब परिणाम आया तो भाजपा समर्थकों के चेहरे पर हार की कसक साफ देखी जा सकती थी। उन्होंने चुनाव में सत्ता की हनक का उपयोग करने का साफ आरोप लगाया। यही कारण था कि परिणाम घोषित होने के बाद मतगणना केंद्र के बाहर भाजपा और सपा समर्थकों में तीखी नोकझोक भी हुई। मामला बढ़ता देख पुलिस के जवानों ने हस्तक्षेप कर भाजपाईयों को बैरीकेडिंग से बाहर निकाल दिया। उधर, अपनी जीत पर सपाई खुशी मनाते नजर आए।

आठ नोटा, 283 मत अवैध

इलाहाबाद-कौशांबी सीट पर कुल 4443 वोटर्स को अपने मत का उपयोग करना था। जिनमें से 4342 ने तीन मार्च को मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वोट दिया। वोटों की गिनती के दौरान कुल आठ वोट नोटा निकले। मतदाताओं ने तीनों प्रत्याशियों में से किसी एक को भी योग्य नहीं माना था। इसके अलावा मत 283 अवैध पाए गए। इनमें ओवर राइटिंग की गई थी। कहीं मतदाताओं ने पेन से बिंदी लगा दी थी तो कहीं प्रत्याशी के नाम के आगे गोला खींच दिया। नियम विरुद्ध वोटिंग करने से उनके मत निरस्त मान लिए गए।

फैक्ट फाइल

कुल वोट थे- 4443

चुनाव में वोट डाले गए- 4342

सपा के बासुदेव यादव को मिले वोट- 2138

भाजपा के रईस चंद्र शुक्ला को मिले वोट- 1881

निर्दलीय चंद्र दत्त शुक्ला को मिले वोट- 32

नोटा- 8

अवैध मत- 283

बॉक्स

अफसरों के सामने हुई मतगणना

मतगणना केंद्र तहसील सदर पर सुबह आठ बजे शुरू हुई। मतों की गिनती के दौरान पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति में कर्मचारियों ने वोटों की गिनती की। इस मौके पर सभी प्रत्याशियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। चुनाव आयोग उप्र की ओर से नियुक्त चुनाव प्रेक्षक समेत, डीएम संजय कुमार, एसएसपी केएस इमेनुएल, एसपी सिटी राजेश यादव समेत कई अधिकारियों ने माहौल पर कड़ी नजर रखी।

Posted By: Inextlive