आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी हुए घायल, जोनल अधिकारी की गाड़ी पर फेंकी ईट

पुलिस ने लाठी पटक कर खदेड़ा, दो लोग हिरासत में

ALLAHABAD: हाईकोर्ट के आदेश पर इनक्रोचमेंट व अवैध निर्माण को हटाने में जुटी एडीए और नगर निगम की टीम के खिलाफ पब्लिक का गुस्सा बढ़ने लगा है। गुरुवार को टैगोर टाउन व अल्लापुर इलाके में कार्रवाई करके लौट रही टीम पर पब्लिक ने हमला बोला दिया और जमकर पथराव किया। पथराव में आधा दर्जन कर्मचारी घायल हो गए जबकि जोनल अधिकारी बाल- बाल बच गए। बोलेरो व जेसीबी भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को देखते हुए तमाम लोग भाग निकले। दो लोगों को पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ लिया।

पब्लिक में बढ़ रहा है रोष

नगर निगम और एडीए की टीम ने गुरुवार को कुंदन गेस्ट हाउस टैगोर टाउन से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की। टैगोर टाउन से पुलिस चौकी अल्लापुर मटियारा रोड होते हुए बाघाम्बरी रोड तक सड़क व पटरी को खाली कराया गया। वहीं 29 रैंप को तोड़ा दिया। टीन सेड, ग्रील, बांस के छप्पर को टीम तोड़ा डाली। इस कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा। अभियान के दौरान ही विरोध कर रहे लोगों का कोई जोर नहीं चला। शाम करीब चार बजे नगर निगम और एडीए की टीम अतिक्रमण हटाकर लौट रही थी। रास्ते में अल्लापुर के बजरंग चौराहे के पास दुकानदारों के साथ स्थानीय लोगों ने टीम पर हमला बोल दिया। दर्जनों लोग अचानक पूरी टीम पर पथराव करने लगे। जोनल अधिकारी रविंद्र सिंह के गाड़ी पर भी पथराव किया गया। जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन जोनल अधिकारी बाल-बाल बच गए। नगर निगम का जेसीबी क्षतिग्रस्त हो गया।

थाने पर भी पहुंच गए दुकानदार

पथराव होते ही हड़कंप मच गया। लोग भागने लगे। वहीं नगर निगम व एडीए के करीब आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी घायल हो गए। अपर नगर मजिस्ट्रेट मोहन सिंह, एडीए के विशेष कार्याधिकारी आलोक पांडेय, नगर निगम के जोनल अधिकारी रविंद्र सिंह, गंगा राम आदि बच गए। जानकारी होते ही सीओ कर्नलगंज मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में किया। पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ा गया। साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों को लेकर पुलिस जार्जटाउन थाने पहुंची थी तो दुकानदार थाने पहुंच कर हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ने की मांग करने लगे। वहीं नगर निगम और एडीए के अधिकारियों ने भी प्राथमिकी दर्ज कराने पर अड़े रहे। व्यापारियों व नगर निगम व एडीए अधिकारियों के बीच देर शाम तक बातचीत चलती रही।

Posted By: Inextlive