खेत में धान की नर्सरी देखने गए थे दोनों बालक, शाम को हुई घटना।

PRAYAGRAJ: धान की नर्सरी देखने गए दो सगे भाइयों की बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दोनों की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार शाम करीब पांच बजे घूरपुर के पिपिरसा गांव में हुई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने बॉडी को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।

घूरपुर एरिया में हुई घटना

पिपिरसा गांव निवासी अमरनाथ यादव के तीन पुत्र सचिन यादव (15) , निखिल यादव (12) और विपिन यादव (10) थे। बताते हैं कि शाम करीब पांच बजे परिजनों के साथ निखिल यादव व विपिन यादव भी खेत में धान की नर्सरी देखने गया था। वहां गांव के दिनेश यादव का बेटा यश यादव (9) पहले से मौजूद था। धान की नर्सरी में अचानक नील गाय आ गई। यह देख डंडा लेकर निखिल, विपिन और यश ने दौड़ा दिया। नील गाय तो भाग गई लेकिन विपिन का खेत से कुछ दूर पर स्थित एक पानी भरे खेत में पैर फिसल गया। विपिन को डूबते देख बड़ा भाई निखिल उसे बचाने के लिए गड्ढे में कूद गया। लेकिन वह भी डूबने लगा। दोस्तों को डूबते देख यश चीखने लगा। आवाज सुन मौजूद लोग दौड़ पड़े। दोनों को बाहर निकाल परिजन व ग्रामीण हॉस्पिटल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों की बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर गई थी। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद थाना पुलिस बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दी।

आशुतोष तिवारी, सीओ करछना

Posted By: Inextlive