प्रत्याशियों से ज्यादा मिले नोटा को वोट

ALLAHABAD: इलाहाबाद यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव परिणाम में कई दिलचस्प चीजें भी शामिल हैं। चुनाव में कई प्रत्याशी ऐसे रहे हैं। जिन्हें प्रमुख पदों पर नोटा से भी कम वोट हासिल हुये हैं। यूनिवर्सिटी और कॉलेज दोनों जगहों का हाल ये है कि टॉप के दो तीन प्रत्याशियों को छोड़ दें तो बाकी के प्रत्याशी 500 से 1000 के बीच वोट पाने के लिये तरस गये। इविवि छात्रसंघ चुनाव में इंकलाबी छात्र मोर्चा से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाले सुजीत कुमार यादव को मात्र 66 वोट मिले। अध्यक्ष पद पर नोटा में ही 112 वोट डाले गये हैं।

इनका एक जैसा हाल

उपाध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने वाले ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के पूर्व मंत्री दीपक मिश्रा को 150 तथा विकास यादव सौरभ को 123 वोट हासिल हुये। जबकि इस पद पर नोटा को 256 वोट मिले। इविवि में महामंत्री पर चुनाव लड़ने वाले विकास यादव को 388 तथा प्रतियोगी छात्र मोर्चा के अमृतेश यादव बिट्टु को 235 मत हासिल हुये। जबकि नोटा को 414 मत मिले। वहीं संयुक्त सचिव पद पर आइसा के रणविजय कुमार गोंड भीम को 439 तथा विजय प्रताप को 246 मत ही हासिल हुये। यहां भी नोटा पर 439 वोट पड़े। बात सांस्कृतिक सचिव पद की करें तो इसमें भी 388 वोट नोटा को मिले।

तीन अंकों में सिमट गये प्रमुख पैनल

चुनाव परिणाम में प्रमुख पैनल से चुनाव लड़ने वालों की हालत किस कदर पतली हुई है। वह इसी से समझा जा सकता है कि इविवि में अध्यक्ष पद पर आइसा के शक्ति रजवार को 350 मत, एनएसयूआई के सूरज कुमार दूबे को 667 मत और भारतीय विद्यार्थी मोर्चा के विकास कुमार भारतीय को 466 मत ही हासिल हो सके। वहीं उपाध्यक्ष पद पर प्रतियोगी छात्र मोर्चा के प्रशांत शुक्ला आजाद को 293 मत, राष्ट्रीय विकास मंच के सौरभ सिंह प्रिंस को 424 मत, आइसा की सुमन देवी को 376 मत, जनवादी छात्रसभा के सुनील कुमार यादव को 630 मत ही प्राप्त हुये। इसी तरह संयुक्त मंत्री पद पर भी प्रतियोगी छात्र मोर्चा के कमल कुमार को 491 मत, एसएफआई के प्रबल मौर्य को 484 मत एवं एबीवीपी के प्रदीप कुमार मौर्य को 973 मत ही मिले। इसी तरह से सांस्कृतिक सचिव पद पर भी आइसा के कुमैल अब्बास रिजवी को 482 मत और एनएसयूआई के सुमंत चौहान को 689 मत प्राप्त हुये हैं।

सारे पदों के लिये मतदान

अच्छी बात ये रही कि चुनाव में जितने भी मतदाता छात्र-छात्रायें शामिल हुये। उनमें सभी ने अनिवार्य रूप से सभी प्रमुख पदों के लिये मतदान किया है। ऐसा नहीं हुआ कि एक दो या तीन पदों पर मतदान करके मतदाता चले गये हों। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में सभी प्रमुख पदों के लिये कुल 9181 मतदाताओं ने वोटिंग की। इसी तरह से सीएमपी डिग्री कॉलेज में सभी पदों के पर 2923 वोट डाले गये। इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में सभी पदों पर 1310 मत डाले गये। एकमात्र ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज ही ऐसा रहा, जहां मतों में नाममात्र की भिन्नता देखने को मिली है। यहां अध्यक्ष पद के लिये 1592 मत, उपाध्यक्ष के लिये 1593 मत, महामंत्री पद पर 1593 मत, संयुक्त मंत्री पर 1592 मत तथा सांस्कृतिक सचिव पद पर 1599 मत डाले गये।

Posted By: Inextlive