डेढ़ लाख घर कनेक्शन केवल 96 हजार 155 के सापेक्ष केवल 142 एमएलडी सप्लाई. वाटर लेवल गिरने से हैंडपंप्स से हो रही समस्या 845.71 किलोमीटर पेयजल लाइन फिर भी परेशानी


हिमांशु अग्निहोत्री (बरेली)। शुद्ध पेयजल हर किसी की मूलभूत जरूरत है। प्रतिदिन प्रति व्यक्ति को 155 लीटर पानी की आवश्यकता रहती है। इस मानक के अनुसार नगर निगम को अपने एरिया की 10.28 लाख अनुमानित पॉपुलेशन को 155 एमएलडी (मिलियन लीटर पर डे) पानी सप्लाई करना चाहिए। लेकिन, वर्तमान में 142 एमएलडी पानी ही सप्लाई हो पा रही है। इन आंकड़ों से साफ है कि 83 हजार बरेलियंस के हिस्से में शुद्ध पेयजल नहीं पहुंच पा रहा है। इसके चलते वे दूषिम पेयजल पीने को विवश हैं।

845 किलोमीटर है पेयजल लाइन
नगर निगम का कुल एरिया 106.43 वर्ग किलोमीटर है। एरिया विस्तार होने के बाद शहर के आसपास के कई गांव इसमें समाहित हो गए। पेयजल सप्लाई के लिए नगर निगम के पास भले ही 845.71 किलोमीटर पेयजल लाइन हो पर यह लाइन अभी भी शहर के बाहरी एरिया की आबादी तक नहीं पहुंची है। यहां की पॉपुलेशन अभी भी पेयजल के लिए अपने संसाधनों पर ही निर्भर है। वाटर लेवल लगातार गिरने से अब हैंडपंप्स का पानी उतना शुद्ध नहीं रहा, जितना कुछ वर्षों पहले तक रहता था। इससे कम गहराई वाले हैडपंप्स का पानी यूज करने वाले कहीं न कहीं दूषित पानी पीने को मजबूर हैं।

घर 1.50 लाख, कनेक्शन 96 हजार
नगर निगम एरिया की पॉपुलेशन लगातार ग्रो कर रही है। इससे शहर की पॉपुलेशन और उपलब्ध संसाधनों के बीच की खाई भी गहरी हो रही है। पेयजल को लेकर वर्तमान में नगर के पास जो भी संसाधन हैं, वो पॉपुलेशन की जरूरत को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। नगर निगम के आंकड़ों से ही इसकी तस्दीक भी हो रही है। नगर निगम एरिया में कुल घरों की अनुमानित संख्या 1.50 लाख से अधिक है पर पेयजल कनेक्शन कुल 96 हजार ही हैं।

इंडिया मार्का हैंडपंप भी बदहाल
शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम अपने क्षेत्र में जहां-तहां इंडिया मार्का हैंडपंप भी लगवाता है। आंकड़ों के अनुसार नगर निगम के कुल इंडिया मार्का हैंडपंपों की संख्या 3904 है। इनमें 20 रिबोर होने को हैं तो 15 खराब हैं। यह आंकड़ा हकीकत से कोसों दूर है। शहर क्षेत्र में ही जहां-तहां हैंडपंप खराब पड़े हैं। कई हैंडपंप तो पीला पानी उगल रहे हैं, जो पीने योग्य नहीं है।

हजारों की आबादी को इंतजार
पेयजल सप्लाई का विस्तार करने के लिए नगर निगम शहर में दो जगह नए ओवरहेड टैंक बनाने की तैयारी में है। इनमें नैनीताल रोड पर कंजादासपुर और नदौसी शामिल हैं। कंजादासपुर में तो पेयजल योजना पर तेजी को काम हो रहा है, पर नदौसी में योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी हो रही है। इन जगहों पर ओवरहेड टैंक और ट्यूबवेल बन जाने से हजारों की आबादी तक शुद्ध पेयजल पहुंचने लगेगा। फिलहाल तो यहां की आबादी इसके लिए इंतजार ही कर रही है।

वर्जन
नगर निगम अपने एरिया की पॉपुलेशन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसके लिए ही कंजादासपुर और नदौसी में पेयजल योजना पर काम हो रहा है। इसके अलावा पेयजल लाइन्स का विस्तार भी हो रहा है और कनेक्शन की संख्या भी बढ़ाई जा रही है।
आरके यादव, जीएम जलकल

फैक्ट एंड फिगर
106.43 वर्ग किलोमीटर एरिया
10.28 लाख अनुमानित पॉपुलेशन
155 एमएलडी पानी की जरूरत
142 एमएलडी पानी की सप्लाई
13 एमएलडी पानी की कमी
845 किलोमीटर कुल पेयजल लाइन
42 ओवरहेड वाटर टैंक
46,175 किलो लीटर क्षमता
3904 इंडिया मार्का हैंडपंप

Posted By: Inextlive