फ्राइडे रात शाहजहांपुर में घर जाते वक्त बदमाशों ने मारी थी गोली

बरेली के प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा है इलाज

सैटरडे डीआईजी आरकेएस राठौर ने जाना हाल

BAREILLY: शाहजहांपुर में संत आशाराम केस के मुख्य गवाह कृपाल सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। कृपाल सिंह का बरेली के प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। सैटरडे दोपहर डीआईजी बरेली आरकेएस राठौर कृपाल से मिलने हॉस्पिटल पहुंचे। डीआईजी ने कहा कि वह पूरे मामले पर नजर रखे हुए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पहले भी मिली थी धमकी

बता दें कि आशाराम पर शाहजहांपुर की रहने वाली लड़की ने यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में आशाराम राजस्थान की जोधपुर जेल में बंद हैं। इसी केस में शाहजहांपुर के रहने वाले कृपाल सिंह भी मुख्य गवाह हैं। वह लड़की के पिता को भी अच्छी तरह से जानते हैं। वह कुछ दिनों पहले जोधपुर में गवाही भी देने गए थे। कृपाल सिंह को पहले भी जान से मारने की धमकी मिली थी। फ्राइडे रात घर वापस लौटते वक्त कार सवार बदमाशों ने उसे गोली मार दी थी। पुलिस ने उसे पहले शाहजहांपुर के जिला अस्पताल में एडमिट कराया था, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया था।

पुलिस सिक्योरिटी में चल रहा इलाज

यहां भी रात में उसे सिविल लाइंस स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया था। कृपाल सिंह पर हमले के बाद सुबह से ही हॉस्पिटल में मीडिया का जमावड़ा लग गया था, लेकिन यहां पर परिवार के लोगों ने ज्यादा कुछ भी बात करने से इनकार कर दिया। दोपहर में डीआईजी आरकेएस राठौर आपरेशन थियेटर में पहुंचे। उनके साथ में भारी संख्या में पुलिस बल भी पहुंचा। करीब 5 मिनट आपरेशन थियेटर में रहने के बाद वह वापस आ गए।

पहले नहीं दी थी धमकी की जानकारी

डीआईजी ने बताया कि कृपाल सिंह के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कृपाल सिंह ने कुछ लोगों को पहचान लिया है। यह हमला आशाराम के समर्थकों ने किया या किसी और ने इसकी जांच कराई जा रही है। कृपाल सिंह ने इससे पहले कभी भी पुलिस को नहीं बताया था कि उनकी जान को खतरा है। इस बारे में वर्तमान और पूर्व सीओ से भी पूछा गया है। अब कृपाल सिंह को सुरक्षा दी जा रही है। कृपाल के स्पाइनल में गोली लगी है। डॉक्टर उसे बचाने के हर संभव प्रयास कर रहे हैं। पूरे मामले पर नजर रखी हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Posted By: Inextlive