- करीब 158 करोड़ रुपये से तैयार होगा बरेली हाट और हैंडीक्राफ्ट सेंटर

- स्मार्ट सिटी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में बीते दिनों मिली हरी झंडी

बरेली : स्मार्ट सिटी परियोजना से बरेली हाट और हैंडीक्राफ्ट सेंटर के निर्माण पर अंतिम मुहर लग गई है। यह प्रोजेक्ट स्मार्ट शहर की पहचान बनेगा। इसके साथ ही हस्तशिल्पियों के हुनर में भी निखार आएगा। बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी ने टेंडर प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी कर ली है।

बनेगा हैंडीक्राफ्ट प्रमोशन सेंटर

विकास भवन के पास जहां अर्बन हाट चल रहा है, स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत उसका विस्तार करने की योजना है। महानगरों की तर्ज पर इसे जल्द बरेली हाट के रूप में पहचाना जाएगा। वहां हस्तशिल्पियों को अपना हुनर निखारने, उत्पादों की प्रदर्शनी करने और अच्छा बाजार भी उपलब्ध कराया जाएगा। मौजूदा समय में कम स्थान होने के कारण इसे पीछे तक बढ़ाया जाना है। बरेली हाट के पीछे हैंडीक्राफ्ट प्रमोशन सेंटर बनाया जाएगा। यहां भी हस्तशिल्पियों के विकास के लिए तमाम कार्य होंगे। उन्हें प्रशिक्षण की भी सुविधा इस सेंटर में होगी।

158 करोड़ रुपये से होगा विकास

बरेली स्मार्ट सिटी बोर्ड आफ डायरेक्टर्स ने बीते दिनों इस प्रोजेक्ट की टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के लिए मंजूरी दी है। करीब 158 करोड़ रुपये वाले इस प्रोजेक्ट में दो हिस्सों पर काम होगा। बरेली हाट के लिए करीब 111 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें हस्तशिल्पियों के उत्पादों के प्रदर्शन, मनोरंजन, सूचना आदि के लिए व्यवस्था की जानी है। इसके साथ ही वहां दो बि¨ल्डग में व्यावसायिक क्षेत्र भी तैयार किया जाना है। उसके पीछे वाले भाग में हैंडीक्राफ्ट प्रमोशन सेंटर बनाया जाएगा, जिसके लिए 47 करोड़ रुपये बजट रखा गया है।

यह भी होंगी सुविधाएं

बरेली हाट के अंदर तमाम सुविधाएं हस्तशिल्पियों और यहां आने वाले के लिए होंगी। करीब दो सौ स्थायी दुकानें बनाई जाएंगी, हस्तशिल्पियों के लिए प्रदर्शनी लगाने के लिए अस्थायी दुकानें भी होंगी। सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए जगह होगी। रेस्टोरेंट, कैफे, फूड कोर्ट भी खोले जाएंगे। हस्तशिल्पियों के लिए शाम के शो करने की व्यवस्था भी होगी।

बरेली हाट व हैंडीक्राफ्ट प्रमोशन सेंटर के लिए बोर्ड आफ डायरेक्टर्स की मंजूरी मिल गई है। जल्द इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उसके बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा। यह बरेली की पहचान बनकर उभरेगा।

अभिषेक आनंद, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी

Posted By: Inextlive