स्मार्ट सिटी द्वारा तैयार किए गए लेजर फाउंटेशन शो का हुआ डेमो 30 रुपए हो सकता है आधे घंटे के शो का टिकट

बरेली(ब्यूरो)। बरेली के गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराते हुए वेडनसडे को अक्षर विहार तालाब में लेजर फाउंटेन शो का ट्रायल किया गया। इस डेमो का आनंद पार्क में बनी हट में बैठकर कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे, डीएम शिवाकांत द्विवेदी, नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स, बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह, सीडीओ जग प्रवेश ने लिया। इस दौरान शो में लेजर द्वारा बरेली के झुमके, जरी व इतिहास का चित्रण किया गया। शो के शुरू होने के साथ ही पार्क में दर्शकों की भीड़ बढऩे लगी। लेजर फाउंटेन का ट्रायल देखने के लिए राहगीर भी तालाब में उठती फाउंटेन की उंची-उंची बीम को देखने से रोक न सके। स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक ने बताया कि इसमें कुछ सुधार किए जाएंगे, उसके बाद इसे जल्द ही बरेलियंस के लिए शुरू कर दिया जाएगा।

बनेगा आकर्षण का केंद्र
लेजर शो के माध्यम से विभिन्न त्योहारों पर करीब तीस फीट तक प्रोजेक्शन दिखाई देगा, त्योहारों की थीम पर लोग शो में डांस करते दिखाई देंगे। शहर के लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी बरेली के इस फांउटेन लेजर शो के माध्यम से दिखाया गया।

आधे घंटे का होगा शो
पब्लिक की सुविधा देखते हुए इसमें आधे घंटे के शो किए जाएंगे। जिसकी सिटिंग कैपेसिटी 70 से 100 तक हो सकती है। अक्षर विहार तालाब में 7 करोड़ 18 लाख रुपए की लागत से म्यू्जिकल लेजर फाउंटेन बनाया गया है। इसमें लेजर फाउंटेन शो होगा। इसके माध्यम से लोगों को शहर के इतिहास से रूबरू कराया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने का कार्य स्मार्ट सिटी द्वारा किया गया है।

30 रुपए हो सकता शो का रेट
स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक बीके सिंह ने बताया कि वेडनसडे को इसका डेमो किया गया था। इसमें आ रही दिक्कतों को दूर किया जाएगा, जिससे बरेलयिंस मल्टीमीडिया लेजर फाउंटेन शो का अच्छी तरह लुत्फ उठा सकें। साथ ही बताया कि शो के रेट अभी तय नहीं हुए हैैं। 30 रुपए शो का रेट तय किया जा सकता है। पब्लिक जल्द ही इनॉग्रेशन के बाद इसका आनंद ले सकेगी। ट्रायल के दौरान अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार यादव व अजीत कुमार सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी महातम यादव व अन्य अधिकारी व निगम स्टाफ मौजूद रहा।

Posted By: Inextlive