-दहेज में इनोवा कार मांगने पर लड़की ने रिश्ता तोड़कर किया था पुलिस के हवाले-24 घंटे तक दोनों पक्षों में बातचीत के बाद पुलिस ने दूल्हा और पिता को छोड़ा

BAREILLY: दूल्हा बने फौजी आरिफ ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उसे दहेज में इनोवा कार मांगना इतना महंगा पड़ जाएगा कि उसे ही उल्टा हर्जाना देना पड़ जाएगा। आरिफ को रिश्ता तोड़ने की कीमत 5 लाख रुपए का चेक देकर चुकानी पड़ी है, जिसके बाद ही लड़की के परिजनों की सहमति से पुलिस ने फौजी और उसके बेटे को थाने से जाने दिया। इनोवा कार मांगने पर ठिरिया में शबाना ने आरिफ से शादी करने से इनकार कर दिया था और परिजन आरिफ और उसके पिता को पकड़कर थाने ले गए थे। 24 घंटे तक चली मान मनौव्वल के बाद ही दोनों पक्षों में समझौता हुआ, जिसके तहत दूल्हे ने लड़की पक्ष को 5 लाख रुपए का चेक दिया। समझौता के मुताबिक यदि चेक बाउंस हो गया तो फिर दूल्हे व उसके पिता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 

भुता से आयी थी बारात

बता दें कि पंजाब में तैनात आरिफ, भुता के फरीदापुर का रहने वाला है। उसकी शादी ठिरिया निजावत खां की बेटी शबाना से तय हुई थी। शादी से पहले दहेज में लड़की के नाम 200 गज का प्लॉट देने का तय हुआ था। इसके अलावा ज्वैलरी व नकदी भी दी गई थी। सैटरडे दिन में आरिफ बारात लेकर शबाना के घर पहुंचा था। यहां पर सभी बाराती खना खा रहे थे और दूसरी ओर निकाह पढ़ा जा रहा था। इसी दौरान दूल्हे ने दहेज में 200 गज के प्लॉट की जगह पर इनोवा कार देने की डिमांड कर दी। अचानक इनोवा कार की डिमांड से लड़की पक्ष परेशान हो गया। काफी देर समझाने के बाद भी जब बात नहीं बनी तो झगड़ा शुरू हो गया। जब इस बारे में दुल्हन को पता चला तो उसने निकाह करने से इनकार कर दिया।

 

चेक बुक मंगाई गई

जब लड़की ने निकाह करने से इनकार किया तो दोनों पक्ष आपस में समझौता करने लगे। दोपहर 3 बजे से बातचीत शुरू हुई, लेकिन रात 10 बजे तक भी बात नहीं बन सकी। जिसके बाद दूल्हा और उसके पिता को पकड़कर कैंट थाना लाया गया। यहां भी रात में दोनों पक्ष आपस में बात करते रहे, लेकिन बात नहीं बनी। जिसके बाद सुबह दोनों पक्षों ने अपने-अपने खर्च का ब्योरा सामने रख दिया। दोनों पक्षों का हिसाब लगाने के बाद तय हुआ कि दूल्हे को 5 लाख रुपए का चेक देना होगा, जिसके बाद चेकबुक मंगाई गई और पुलिस के सामने लड़की पक्ष को 5 लाख रुपए का चेक काटकर दिया गया और समझौतानामा लिख गया। उसके बाद पुलिस ने दूल्हा और उसके पिता को जाने दिया।

Posted By: Inextlive