स्वच्छता की साख में कहीं 'कूड़ा निस्तारण' न लगा दे बट्टा

- चार जनवरी से शुरू होगा स्वच्छ सर्वेक्षण, दूसरी क्वाटर्ली रिपोर्ट में मिला 72वां स्थान

- 6000 अंकों के सापेक्ष व्यवस्थाओं के आधार पर टीम निगम को देगी अंक

बरेली : स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 का आगाज हो गया है। देश में चार जनवरी से स्वच्छ सर्वेक्षण शुरू हो जाएगा। दिल्ली से टीम निरीक्षण को पहुंचेगी। इससे पहले ट्यूजडे को जारी हुई दूसरी क्वाटर्ली रिपोर्ट में नगर निगम को देशभर में 72वां स्थान मिला था। इसके बाद अब चार जनवरी से शुरू होने वाले सर्वेक्षण के लिए निगम ने कमर कस ली है। इस बार छह हजार अंकों की परीक्षा होगी, जो चार भागों में होगी। शहर की स्थिति देखते हुए परीक्षा नगर निगम के लिए काफी कठिन नजर आ रही है, हालांकि परीक्षा में अव्वल आने के लिए नगर निगम ने प्रयास शुरू कर दिए हैं।

बीते सालों का लेखा जोखा

वर्ष 2016 में शुरू हुए स्वच्छ सर्वेक्षण में बरेली के ग्राफ में उतार चढ़ाव हुए हैं। वर्ष 2017 में निगम 298 वें स्थान पर था। वहीं, 2018 में गिरकर 325वें स्थान पर पहुंच गया था। 2019 की पहली क्वाटर्ली रिपोर्ट में स्थिति में सुधार हुआ तो 198वीं रैकिंग मिली।

छह हजार अंकों का होगा सर्वेक्षण

स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 इस बार छह हजार अंकों का होगा। इसे चार भाग में बांटा गया है। नगर निगम को हर भाग को उत्तीर्ण करना होगा। पहले भाग में प्रत्यक्ष सर्वेक्षण होगा, जिसमें दिल्ली की टीम आकर व्यवस्थाएं चेक करेगी। दूसरा भाग सर्टिफिकेशन का होगा, जिसमें निगम ओडीएफ प्लस, कूड़ा मुक्त शहर के थ्री स्टार, सेप्टिक टैंक की सफाई का स्तर होगा। तीसरा भाग सेवा स्तर पर प्रगति का होगा, जिसमें शौचालय निर्माण, कूड़ा निस्तारण, कूड़ा उठाने समेत अन्य बिंदुओं पर अंक मिलेंगे। चौथे भाग में नागरिक अभिपुष्टि दी जाएगी। इसमें लोगों का फीडबैक फोन पर लिया जाएगा। हर भाग दो हजार अंकों का होगा। सभी में अलग-अलग पास होना पड़ेगा।

कूड़ा निस्तारण में घटेंगे अंक

नगर निगम के पास अब तक कूड़ा निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं है। शहर से रोजाना करीब साढ़े चार सौ मीट्रिक टन कूड़ा निकल रहा है, जो बाकरगंज खड्ड में डाला जा रहा है। उसके निस्तारण की व्यवस्था निगम के पास नहीं है। वही, शहर में कूड़े नहीं उठने, सफाई नहीं होने कूड़े का निस्तारण व अन्य कारणों के चलते लोगों की सही प्रतिक्रिया नहीं मिल पाएगी। इससे निगम के अंक घटने की संभावना है।

निगम ने शुरू की तैयारियां

स्वच्छ सर्वेक्षण में अव्वल स्थान पाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर निगम अफसरों ने सभी स्कूल-कॉलेजों, सरकारी व गैर सरकारी संगठनों, रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, होटल व्यवसायियों, कारोबारियों, व्यापारियों से स्वच्छ सर्वेक्षण में सहयोग मांगा है। स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने, सही प्रतिक्रिया देने आदि के बारे में जागरूक करने की अपील भी की है।

पिछले साल की दूसरी क्वाटर्ली रिपोर्ट में नगर निगम को 72वां स्थान मिला है। चार जनवरी से स्वच्छ सर्वेक्षण शुरू होगा। इसके लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। 6000 अंकों की कसौटी पर खरा उतरने के प्रयास किए जाएंगे।

संजीव प्रधान, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी।

Posted By: Inextlive