7.81 करोड़ की भेजी गई थी रिपोर्ट 52 लाख के ही दिखा पाया कागजात खुद के साथ पत्नी व दोनों बेटों के नाम खरीदी थी संपत्ति जेल में है तस्कर बेटा


बरेली (ब्यूरो)। फतेहगंज पश्चिमी का ड्रग माफिया नन्हें लंगड़ा की 7.29 करोड़ की संपत्ति जब्तीकरण पर मुहर लग गई। पुलिस की ओर से 7.81 करोड़ रुपये की रिपोर्ट भेजी गई थी जिसमे तस्कर 52 लाख रुपये के ही कागजात दिखा पाया। लिहाजा, 7.29 करोड़ रुपये की संपत्ति का तस्कर न तो इस्तेमाल कर सकेगा और न ही बेच सकेगा। इस संपत्ति पर अब प्रशासन का कब्जा होगा। शुक्रवार से प्रशासन संपत्ति पर कब्जा लेने की कार्रवाई शुरू करेगी।
ड्रग माफिया नन्हें लंगड़ा फतेहगंज पश्चिमी का रहने वाला है। बीते साल वह स्मैक की बड़ी खेप संग गिरफ्तार किया गया था। जांच शुरु हुई तो पता चला कि उसका पूरा कुनबा ही तस्कर है। पुलिस ने परिवार पर शिकंजा कसा। तस्कर के कुनबे पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई। संपत्ति की जांच शुरू हुई। 7.81 करोड़ रुपये की संपत्ति सामने आई। पत्नी शकीना के नाम आलीशान मकान, बैंक्वेट हाल, कृषि भूमि खरीदी। बेटे बब्बू, युसूफ व पत्नी के नाम संपत्ति बनाई। इसी बीच बब्बू भी स्मैक तस्करी में वांछित हो गया, वह जेल चला गया। वर्तमान में वह सलाखों केे पीछे है। संपत्ति जब्तीकरण की रिपोर्ट तैयार की गई जिस पर मुहर लग गई। जांच में सामने आया कि करोड़ों के साम्राज्य के बाद भी तस्कर ने एक रुपये भी आयकर रिटर्न दाखिल नहीं किया। सबसे पहले तस्कर के ही फतेहगंज स्थित बैंक्वेट हाल पर बुलडोजर चला था।

ड्रग माफिया की 7.29 करोड़ की संपत्ति जब्तीकरण के आदेश हो गए हैं। अब तस्कर इस संपत्ति का ना तो इस्तेमाल कर सकेगा और ना बेच सकेगा।- राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात

Posted By: Inextlive