-दरगाह ताजुश्शरिया पर काजी-ए-हिंदुस्तान ने सुबह 6:30 बजे ईद-उल-अजहा की अदा कराई नमाज

बरेली:

दरगाह आला हजरत स्थित दरगाह ताजुश्शरिया पर ईद-उल-अजहा की नमाज सुबह 6:30 जानशीने ताजुश्शरिया काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती मोहम्मद असजद रजा खां कादरी ने अदा कराई। इसके बाद मुफ्ती असजद मियां ने खुतबा पढ़ा। ईद-उल-अजहा की नमाज में मुफ्ती असजद मियां ने कोरोना वायरस जैसी बीमारी के खात्मे की और हिंदुस्तान की तरक्की के लिए खुसूसी दुआ की। वहीं पुलिस का भी शहर में कड़ा पहरा रहा।

वीकेंड लॉकडाउन किया फॉलो

दरगाह आला हजरत और दरगाह ताजुश्शरिया पर मुफ्ती असजद मियां ने हाजरी दी। इस मौके पर खानदान-ए-आला हजरत के भी सदस्य मौजूद रहे। जमात के प्रवक्ता समरान खान ने ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद देते हुए बताया ईद-उल-अजहा की नमाज शहर भर की हर छोटी-बड़ी मस्जिदों में अमन ओ अमान के साथ अपने मस्जिदों के समय के हिसाब से चंद लोगों के साथ अदा की गई। बाकी लोगो ने दरगाह आला हजरत के फरमान को मानते हुए अपने घरों में नमाजे चाश्त या दो रकअत नफल की नमाज अदा की। मुसलमानों ने ईद-उल-अजहा का त्योहार साप्ताहिक लॉकडाउन का पालन करते हुए अपने घरों में ही मनाया।

तीन दिन चलेगी कुर्बानी

कुर्बानी का सिलसिला 11(रविवार) और 12(सोमवार) जिलहिज्जा तक चलेगा। खानकाह ताजुश्शरिया के सज्जादानशीन व जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय अध्यक्ष काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती मोहम्मद असजद रजा खां कादरी व जमात के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान मियां की जानिब से मुल्क भर के सभी लोगो को ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी।

पुलिस का रहा कड़ा पहरा

ईद-उल-अजहा की नमाज के लिए शहर में जहां वीकेंड लॉकडाउन रहा तो वहीं मस्जिदों में चंद लोगों के साथ ईद की नमाज हुई। प्रशासन ने पहले से अलर्टनेस दिखाते हुए मस्जिदों और ईदगाह के आसपास पुलिस का कड़ा पहरा लगा दिया। ताकि कोई भी व्यक्ति वहां तक न पहुंच सके। अफसर भी शहर की अपडेट से पल-पल वाकिफ होते रहे।

मार्केट रही बंद

वीकेंड लॉकडाउन के बीच ईद-उल-अजहा मनाई गई तो वहीं 3 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व भी है। लेकिन वीकेंड लॉकडाउन के चलते शहर की मार्केट पूरी तरह बंद रही। सिर्फ दवा की दुकानों सहित इमरजेंसी सेवाएं ही ओपन रहीं।

Posted By: Inextlive