-तीन बजे तक मतगणना दस ब्लॉक में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न

बरेली : जिला पंचायत चुनाव के बाद ब्लॉक प्रमुख चुनाव भी भगवा होता नजर आया। छुटपुट हंगामे के बीच संपन्न हुए ब्लॉक प्रमुख चुनाव में 11 ब्लॉकों में कमल खिला। जबकि तीन ब्लॉक में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों ने जीत का परचम लहरा दिया। रामनगर की सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने बड़े अंतर से जीत दर्ज कर सत्ता और विपक्ष के प्रत्याशियों को चौंका दिया। शेरगढ़ और नवाबगंज पर सत्ताधारी पार्टी के प्रत्याशियों पर घालमेल करने के आरोप लगे। हंगामा भी हुआ। शाम चार बजे के बाद भगवा होती ब्लॉक प्रमुखों की सीटों पर ढोल बजाकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह भी दिखाया।

26 प्रत्याशियों में मुकाबला

शनिवार सुबह 11 बजे 10 ब्लॉक में 26 प्रत्याशियों के लिए ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ। दोपहर डेढ़ बजे तक ज्यादातर बीडीसी सदस्यों के मतदान हो चुके थे। शेरगढ़ और नवाबगंज ब्लॉक में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रशासन की ढिलाई के आरोप लगाते हुए सपा और निर्दलीय प्रत्याशियों ने हंगामा भी किया। तीन बजे तक सौ फीसद मतदान होने के बाद मतगणना शुरू हुई। जैसा कि पहले से संभावना जताई जा रही थी। जिला पंचायत चुनाव के बाद भाजपा ने ब्लॉक प्रमुख के चुनाव पर भी दमखम दिखाया। वीआइपी सीटों के साथ 11 ब्लॉक पर भाजपा समर्थन से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर ली।

भाजपा से इन्होंने लहराया परचम :

मझगवां - यशवंत सिंह

मीरगंज - गोपाल कृष्ण गंगवार

बिथरीचैनपुर - ब्रजेश कुमारी

भदपुरा - रश्मि गंगवार

नबाबगंज - प्रज्ञा गंगवार

फरीदपुर - सोनम ग्वाल

बहेड़ी - अमरेंद्र सिंह ¨सधु

सपा से संभाली लाज

फतेहगंज पश्चिमी - किरण यादव

शेरगढ़ - भुपेंद्र कुर्मी

निर्दलीय भी जीते

रामनगर - विजेता ठाकुर

यहां निर्विरोध रहा चुनाव -

क्यारा - रजनी देवी (भाजपा)

भोजीपुरा - योगेश पटेल (भाजपा)

भुता - जगमोहन सिंह (सपा)

दमखोदा - स्नेह लता (भाजपा)

आलमपुर जाफराबाद - आरती यादव (भाजपा)

जिला पंचायत चुनाव के बाद ब्लॉक प्रमुख भी भाजपा के होने के बाद जनता का भरोसा हमारे साथ नजर आया है। विपक्ष के आरोप निराधार है। निष्पक्ष चुनावों में 11 सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी जीते हैं। बहुत मेहनत से तैयार हुई चुनाव की रणनीति आखिरकार काम आई है। सभी जीते हुए साथियों को बधाई।

- पवन शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष

सत्ता का दुरुपयोग करते हुए ब्लॉक प्रमुख का चुनाव हुआ। भोजीपुरा और दमखोदा दोनों सीटों पर हमारे पर्चें खारिज हुए। एक दिन पहले हमें बताया गया पर्चो पर साइन नहीं थे। चुनाव में पूरी तरह से भाजपा से प्रशासन की मिलीभगत सामने आई है। सपा के प्रत्याशी ही निशाने पर हैं।

- अगम मौर्य, सपा जिलाध्यक्ष

सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखी गई। सभी ब्लॉक में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हुए। बीडीसी सदस्यों ने निष्पक्ष होकर मतदान किया।

- नितीश कुमार, डीएम बरेली

पूरे चुनाव की वीडियोग्राफी हुई। हमारे अधिकारी ब्लॉक में भ्रमण पर रहे। सुरक्षित चुनाव हुए है। कही कोई घटना नहीं हुई।

- रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी बरेली

Posted By: Inextlive