- कोतवाली से शुरू होकर नैनीताल रोड पर होगा खत्म, सेतु निगम ने सर्वे किया पूरा

-विशेषज्ञों से तैयार कराया जा रहा ओवरब्रिज का नक्शा

1600 मीटर लंबा होगा ओवरब्रिज

300 मीटर का बनाया जाएगा एप्रोच रोरू

1300 मीटर ओवरब्रिज के लिए बनाए जाएंगे पिलर

24 मीटर दूरी दो पिलर के बीच होगी

54 भागों में बांटकर बनाया जाएगा ओवरब्रिज

बरेली : शहरवासियों के लिए नया साल सौगात लेकर आ सकता है। सब ठीक रहा और काम तेजी से चला तो अगले साल 2021 में लोगों को कोतवाली से नैनीताल रोड पर जाने के लिए घंटों जाम में नहीं फंसना होगा। कुतुबखाना ओवरब्रिज निर्माण के लिए सेतु निगम ने सर्वे पूरा कर लिया है। सामने आ रही परेशानियों को भांप कर डीपीआर तैयार कराई जा रही है। विशेषज्ञों से ओवरब्रिज का नक्शा तैयार कराया जा रहा है। सेतु निगम के अभियंताओं के अनुसार कुल 1600 मीटर के ओवरब्रिज में 1300 मीटर का पुल 54 खंभो पर खड़ा होगा.

जाम से मिलेगी निजात

शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए कुतुबखाना बाजार में ओवरब्रिज बनाने की तैयारी जोरों पर चल रही है। इसके लिए सेतु निगम के इंजीनियर बीते एक सप्ताह से सर्वे कर रहे हैं। पहले इसे वाई शेप में बनाने की चर्चा थी। इसमें घंटाघर से एक रास्ता बिहारीपुर की ओर जबकि दूसरा रास्ता जिला अस्पताल की ओर जा रहा था। लेकिन सर्वे में बिहारीपुर की ओर पुल उतरने की मानक अनुरूप जगह नहीं मिली। ऐसे में वाई शेप में ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव निरस्त करते हुए इसे सीधा बनाया जाना प्रस्तावित हुआ है। अब ओवरब्रिज कोतवाली से शुरू होगा और जिला अस्पताल, घंटाघर, कुतुबखाना चौराहा, कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप होते हुए नैनीताल रोड पर उतरेगा। मुख्य परियोजना प्रबंधक देवेंद्र सिंह ने बताया कि ओवरब्रिज निर्माण के लिए विशेषज्ञों की मदद लेकर नक्शा बनाया जा रहा है। इस ओवरब्रिज की कुल लंबाई 1600 मीटर की है, इसमें 300 मीटर का रास्ता दीवारों पर जबकि 1300 मीटर का रास्ता खंभे बनाकर तैयार किया जाएगा।

हर 24 मीटर पर होगा एक खंभा

1600 मीटर के ओवरब्रिज को 56 से 57 भागों में बांटा जाएगा। इसमें ढलान के दो हिस्से अलग होंगे, जो तीन सौ मीटर के होंगे। इसके बाद 1300 मीटर के हिस्से को 54 भाग में तैयार किया जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो एक हिस्सा कम या बढ़ाया भी जा सकता है। इस हिसाब से 1300 मीटर के हिस्से में कुल 54 खंभे तैयार किए जाएंगे।

7.5 मीटर चौड़ा होगा ओवरब्रिज

कोतवाली से नैनीताल रोड तक कुल ओवरब्रिज की लंबाई तो 1600 मीटर होगी, जबकि इसकी चौड़ाई साढ़े सात मीटर की होगी। अभी हुए सर्वे में पाया गया कि कुछ स्थानों पर रास्ता कम चौड़ा है। इसमें घंटाघर से कोहाड़ापीर के रास्ता कुछ ज्यादा ही संकरा है, जहां कुछ दिक्कत आ सकती है।

छज्जों को तोड़े जाने की संभावना

सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ओवरब्रिज निर्माण दौरान व्यापारियों और वहां के रहने वाले लोगों को कोई खास क्षति नहीं होगी। रास्ते में जहां कम जगह मिल रही है वहां ऊंचाई पर देखने में पाया कि लोगों ने छज्जे निकाल रखे हैं। ओवरब्रिज निर्माण के दौरान बस उन्हीं छज्जों को तोड़ा जा सकता है।

रीडर कनेक्ट

- शहर के विकास के लिए भले ओवरब्रिज जरूरी हो, लेकिन यहां रिटेल कारोबारी है, उसमें परेशानी आएगी।

बाकर हुसैन, व्यापारी

ओवरब्रिज जरूरी है तो उसके लिए व्यापारियों से बात की जानी चाहिए। बताना चाहिए कि किस तरह पुल बनेगा।

अगा खान, व्यापारी

ओवरब्रिज का सर्वे पूरा हो गया है। कुल 1600 मीटर का ओवरब्रिज है जो कोतवाली से नैनीताल रोड तक जाएगा। इसमें तकरीबन 54 खंभे बनाए जाएंगे। ओवरब्रिज की चौड़ाई करीब साढ़े सात मीटर रहेगी। इसके लिए ओवरब्रिज विशेषज्ञों से नक्शा तैयार कराया जा रहा है।

देवेंद्र सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम

Posted By: Inextlive