राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के सामने भिड़े पार्टी के पदाधिकारी. निकाय चुनाव की तैयारियों के लिए आठ जिलों के फ्रंटल पदाधिकारियों की हो रही थी कार्यशाला


बरेली(ब्यूरो)। एपी लॉन में कांग्रेस की आयोजित कार्यशाला में राष्ट्रीय व प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के सामने कांग्रेसियों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में जिलाध्यक्ष, उनका चचेरा भाई व एक कार्यकर्ता चोटिल भी हो गया। मामला जब तक पुलिस के पास पहुंचता पार्टी के पदाधिकारियों ने किसी प्रकार मामला शांत करा दिया।


महानगर अध्यक्ष ने साथियों संग किया हंगामा
कांग्रेस की मंडलीय कार्यशाला में कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठन व मुख्य संगठन के पदाधिकारी व विधानसभा चुनाव लड़े पदाधिकारी को बुलाया गया था। जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी का कहना है कि पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम सभी को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष तारा चंद्र चौधरी, यूथ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप चौधरी व महानगर उपाध्यक्ष विजय मौर्या हंगामा करते हुए आगे पहुंच गए। उन्हें शांत रहने के लिए कहा तो गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जिसमें जिलाध्यक्ष के हाथ में चोट आने के साथ ही उनका चचेरा भाई कलीम अख्तर व एक पार्टी कार्यकर्ता के साथ ही महानगर उपाध्यक्ष विजय मौर्या भी चोटिल हो गए। वहीं विजय मौर्या का कहना है कि सवालों के शुरू हुए सिलसिले में उन्होंने विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण में अनियमितता बरतने व इससे पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरने की बात कही थी। जिस पर जिलाध्यक्ष के भाई व उनके खास लोगों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि जब उन्होंने पुलिस को तहरीर दी तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।

रुपये लेकर टिकट वितरण का आरोप
कार्यशाला में हंगामा व मारपीट के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी व राष्ट्रीय सचिव पर रुपए लेकर जिले में कई प्रत्याशियों को टिकट दिलाने का आरोप लगाया।


वर्जन:
मंडल स्तरीय कार्यशाला में केवल फ्रंटल कमेटी के मुख्य लोगों को बुलाया गया था। विजय मौर्या, तारा चंद्र चौधरी व संदीप चौधरी ने अचानक से आकर मुझ पर व राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम पर हमला कर दिया। जिससे मुझ सहित तीन लोग घायल हुए हैं। मामले में अनुशासनहीनता की कार्रवाई पार्टी स्तर से कि जाएगी।
- मिर्जा अशफाक सकलैनी, जिलाध्यक्ष कांग्रेस

--------
घर बड़ा है, बर्तन खटकते रहते हैं। कांग्रेस बड़ी पार्टी है, लोगों में मनमुटाव होता रहता है। दोनों पक्षों को बैठाकर समस्या का निस्तारण किया जाएगा।
-अजय शुक्ला, महानगर अध्यक्ष

कार्यशाला में राष्ट्रीय सचिव से पार्टी के हित के संबंध में सवाल करने पर वह भडक़ गए और उन्होंने जिलाध्यक्ष से उन्हें मारपीट कर बाहर निकालने के लिए कहा। जिस पर जिलाध्यक्ष के भाई व साथियों ने उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया। थाना पुलिस ने भी उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
विजय मोर्या, महानगर उपाध्यक्ष

Posted By: Inextlive