बरेली: डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाले अब दबंगई कर रहे हैं। मंगलवार को ग्रेटर अशोक कालोनी के लोगों ने कूड़ा कलेक्शन में ठेकेदारों की मनमानी का विरोध किया तो ठेकेदार ने कालोनी के मुख्य गेट पर कूड़ा पलट दिया। कालोनी के लोगों ने केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से मिलकर मामले की शिकायत कर नाराजगी जताई।

वीडियो हुआ वायरल

एक तरफ तो नगर निगम स्वच्छता रैंकिग में सुधार की बात कर रहा है। हर घर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को लागू कराने के लिए रोजाना बैठके हो रही हैं। वहीं दूसरी तरफ कूड़ा कलेक्शन करने वाले दबंगई कर रहे हैं। मंगलवार को हार्टमैन कॉलेज के पास ग्रेटर आकाश कॉलोनी में कूड़ा कलेक्शन वालों की दबंगई का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमे कूड़ा कलेक्शन वाली गाड़ी कालोनी के मुख्य गेट पर कूड़ा गिरा रही है। कालोनी के सचिव हरिओम राठौर ने बताया कि कॉलोनी के लोग कूड़ा उठाने के संबंध में टीम से बात कर रहे थे। पैसों का और कहां किस प्वाइंट से किस तरह उठाया जाएगा। कुछ बातों पर कालोनी के लोग सहमत नहीं थे तो उन्होंने विरोध किया तो ठेकेदार ने कॉलोनी गेट पर बाहर से लाए गए कूड़े को पलटवा दिया। कालोनी के सुरक्षा गार्ड से इस बात पर बहस भी हुई। इसके बाद सभी ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर पूरा मामला बताया। इधर केंद्रीय मंत्री ने ने मामलें में अधिकारियों को पत्र लिखकर नाराजगी जताई है। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है। मेयर डॉ। उमेश गौतम ने बताया कि उन्हें वीडियो मिला है। वह जांच करा रहे हैं शामिल लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

इनसेट

स्वस्छता को चलेगा विशेष अभियान

स्वच्छता रैंकिंग में पिछड़ने के बाद नगर निगम रोजाना नए प्लान बनाकर काम कर रहा है। अब बुधवार से एक सप्ताह तक विशेष स्वच्छता अभियान पूरे शहर में चलाया जाएगा। अभियान के तहत शहर के लोगों को जागरूक भी किया जाएगा और उन्हें डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के बारे में बताया जाएगा। निगम का मुख्य उद्देश्य डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को सौ फीसदी सफल बनाना है। मेयर ने डेलापीर में कूड़ा घर के लिए टेंडर निकालने के निर्देश दिए हैं। गोवंश भी पकड़े जाएंगे। अभियान के दौरान मेयर व निगम के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

Posted By: Inextlive