-आनन-फानन में हुआ आईवीआरआई ओवरब्रिज का लोकार्पण

-शहर विधायक ने बिना किसी तैयारी के ही सुबह नौ बजे किया लोकार्पण

बरेली। शहर का सबसे बड़ा और सबसे शानदार ओवरब्रिज आखिरकार बरेलियंस के लिए ओपन हो गया। प्रदेश में उप चुनाव की आचार संहिता के चलते वेडनेसडे को शहर विधायक डॉ। अरुण कुमार ने बिना किसी तैयारी के ही आईवीआरआई ओवरब्रिज का लोकार्पण कर दिया। इसके लिए वह अपने समर्थकों के साथ सुबह नौ बजे ही ओवरब्रिज पर पहुंच गए। उन्होंने ओवरब्रिज के स्टार्टिग प्वाइंट पर बंधी रस्सी को खोलकर इसको बरेलियंस के लिए ओपन कर दिया।

ओवरब्रिज पर पैदल किया भ्रमण

शहर विधायक ने सबसे पहले इज्जतनगर स्टेशन की ओर से ओवरब्रिज को पब्लिक के लिए ओपन किया। यहां पर सेतु निगम ने लोगों को ओवरब्रिज पर जाने से रोकने के लिए रस्सी बांधी थी। शहर विधायक ने इस रस्सी को खोला और अपने समर्थकों के साथ ओवरब्रिज का जायजा लेने के लिए पैदल ही चल पड़े। पैदल वह ओवरब्रिज की आईवीआरआई वाले प्वाइंट पर पहुंचे और यहां बांधी गई रस्सी भी खोल दी। इसके बाद वह ओवरब्रिज के नैनीताल रोड साइड उतरे। उन्होंने इस पुल को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया और बरेलियंस के लिए विकास की पहचान भी बताया।

ओवरब्रिज की खूबसूरती पर हुआ फिदा

आईवीआरआई ओवरब्रिज का बरेलियंस पिछले चार सालों से इंतजार कर रहे थे। वाई शेप में बना यह ओवरब्रिज बरेली का पहला ऐसा ओवरब्रिज है। इससे यह ओवरब्रिज अपनी खूबसूरती से शहर को नई पहचान भी दे रहा है। इस ओवरब्रिज की खूबसूरती पर शहर विधायक भी फिदा हो गए। लोकार्पण के बाद उन्होंने इस ओवरब्रिज पर अपने समर्थकों के साथ सेल्फी भी ली।

Posted By: Inextlive