-शोर सुनकर पहुंचे मकान मालिक तो देखा कि गर्दन पकड़कर बैठा था प्रेमी

-धक्का देकर भागा और थाने में कर दिया सरेंडर, बोला मजाक में की हत्या

बरेली- 10 दिन पहले जिस चार बच्चों की मां को भगाकर प्रेमी लाया, उसी की उसने गला दबाकर हत्या कर दी। जब वह गला दबा रहा था तो शोर सुनकर मकान मालिक व किरायेदार पहुंचे तो देखा कि प्रेमी महिला का गला दबा रहा था। मकान मालिक को देखकर वह धक्का देकर मौके से भाग गया और थाना में जाकर सरेंडर कर दिया। पुलिस पूछताछ में उसने मजाक में गला दबाने की बात कही और कहा कि उसे नहीं पता था कि जान चली जाएगी। जब पुलिस ने सख्ती की तो उसने निकाह करने की जिद पर अड़ने की वजह से हत्या की बात कबूली है। मामला बारादरी थाना के सूफी टोला का है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।

भाई की सगाई का बहाना

सराय खाम, कोतवाली निवासी गुडि़या का निकाह बदायूं के दातागंज निवासी फरियाद के साथ हुआ था। उसके चार बच्चे हैं। कुछ समय पहले उसकी पहचान पास के रहने वाले जाबिर से हो गई और दोनों में प्यार हो गया। 10 दिन पहले गुडि़या ससुराल से भाई की सगाई का बहाना बनाकर बच्चों के साथ अपने मायके आ गई। मायके से वह जाबिर के साथ बरेली आ गई। सूफी टोला बारादरी में जाबिर ने जफर हुसैन के घर किराये पर कमरा ले लिया।

बचाओ-बचाओ की आवाज

मकान मालिक जाबिर के मुताबिक संडे रात करीब दो बजे उन्हें बचाओ-बचाओ की आवाज सुनाई दी तो वह देखने के लिए बाहर निकले। आवाज सुनकर एक अन्य किरायेदार नदीम व अन्य लोग भी जब जाबिर के कमरे में पहुंचे तो देखा कि जाबिर गुडि़या का गला घोंट रहा था। सभी को देखकर जाबिर धक्का देकर भाग गया। जब उन्होंने गुडि़या को छूकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला का शव जमीन पर पड़ा था। पुलिस ने मकान मालिक की तहरीर पर जाबिर के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली।

पति-पत्‍‌नी बताया था

मकान मालिक ने बताया कि जब वह उनके घर किराये पर रहने आए थे तो दोनों ने अपने को पति-पत्‍‌नी बताया था। गुडि़या अपने पति को छोड़कर जाबिर के साथ रहना चाहती थी। उसने जाबिर से निकाह कर अपने बच्चों को अपनाने के लिए भी कहा था लेकिन जाबिर उसे धोखा देकर छोड़ना चाहता था। इसी को लेकर विवाद होने पर उसने गला दबाकर हत्या कर दी।

हल्के से दबाया था गला

मकान से भागने के बाद जाबिर थाने पहुंच गया और उसने बताया कि गुडि़या ने उससे गला घोटकर मारने की बात कह रही थी। पहले उसने हल्के से गला दबाया तो गुडि़या बोली और जोर से दबा कुछ नहीं हुआ। इसके बाद उसने और जोर से दबा दिया और इसके कुछ देर बाद गुडि़या की मौत हो गई। यह देखकर वह डर गया और घर से बाहर निकल आया।

महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। प्रेमी पर हत्या का आरोप लगा है। हत्या की वजह क्या है, इसके बारे में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

अभिषेक वर्मा, एएसपी

Posted By: Inextlive