- मौसम विभाग के मुताबिक 50 मिलीमीटर तक हो सकती है बरसात

- बारिश से अधिकतम और न्यूनतम तापमान कम होने की संभावना

बरेली : शहर में रविवार को त्योहार के दिन मौसम का मिजाज बदलता रहा। कभी धूप दिखी और कुछ ही मिनट बाद आसमान में काले बादल छा गए लेकिन बिना बरसे ही चले गए। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को मानसून तेजी से करवट बदल सकता है। विभाग की मानें तो सोमवार को मानसून तेजी से सक्रिय होगा और करीब 50 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। इससे अधिकतम और न्यूनतम पारा तेजी से नीचे गिरेगा। वहीं, पंत नगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा.आरके सिंह के मुताबिक आने वाले दिनों में अब भी बारिश के आसार बने हुए हैं। सोमवार को जमकर बारिश होने की संभावना है। वहीं, आने वाले दिनों में भी पांच से दस मिलीमीटर के करीब बरसात हो सकती है। इससे अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस के करीब और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा।

रविवार को बढ़ा अधिकतम पारा

वहीं, रविवार को भी दिन भर आसमान में बादलों और सूरज के बीच आंख मिचौली चलती रही। जानकारी के मुताबिक बारिश न होने का असर रविवार को तापमान पर भी दिखाई दिया। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह शनिवार के अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री से करीब डेढ़ डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह गुरुवार को 26.4 डिग्री सेल्सियस से यानी न्यूनतम तापमान भी कुछ हद तक बढ़ा। हालांकि शुक्रवार को बार-बार बदलते मौसम और बीच-बीच में खुलने वाले आसमान की वजह से आ‌र्द्रता कुछ हद तक कम हुई। रविवार को अधिकतम आ‌र्द्रता 93 फीसद दर्ज की गई। वहीं, न्यूनतम आ‌र्द्रता करीब 23 फीसद कमी के साथ 70 फीसद थी।

बरकरार रही बिजली की परेशानी

त्योहार के दिन भी जिले में बिजली व्यवस्था फिर से प्रभावित हुई। पवन विहार, सिविल लाइंस, कुतुबखाना, कटरामान राय, किला आदि के कई सब स्टेशनों से संबंधित इलाकों में जगह-जगह फाल्ट की भी सूचनाएं रहीं। इन्हें सुधारने के लिए बिजली कटौती भी करनी पड़ी। हालांकि बारिश की वजह से कई जगह फाल्ट सुधारने में देरी हुई। जिस पर वजह से सब स्टेशनों और बिजली अधिकारियों के फोन नंबर समय-समय पर घनघनाते रहे।

Posted By: Inextlive