- किला पुलिस की दबिश से पहले दोनों हुए फरार, रिश्तेदार को उठा लाई पुलिस

- आरोपितों को शरण देने में रिश्तेदार को भी मुल्जिम बनाने की तैयारी, पूछताछ जारी

बरेली : किला छावनी के रहने वाले 20 वर्षीय दर्शन सागर की हत्या के दोनों आरोपित अमन व राजू फतेहगंज पश्चिमी में रिश्तेदार के घर छिपे थे। किला पुलिस को सूचना मिली तो दबिश दी गई लेकिन, पुलिस पहुंचने से पहले दोनों फरार हो गए। हत्यारोपितों को शरण देने के आरोप में पुलिस रिश्तेदार को उठा लाई है। अब रिश्तेदार को हत्यारोपितों को शरण देने के आरोप में मुल्जिम बनाने की तैयारी है। दोनों आरोपित अब भी फरार हैं।

प्रेम प्रसंग में की गई हत्या

दर्शन की हत्या के पीछे त्रिकोणीय प्रेम-प्रसंग की बात सामने आ चुकी है। तफ्तीश में जुटी पुलिस को हत्यारोपितों के स्वजन ने प्रेम-प्रसंग में ही करीब डेढ़ साल पहले दर्शन व अमन के बीच विवाद होने की बात बताई थी। जिस लड़की से दर्शन प्रेम करता था उसी को आरोपित राजू भी चाहता था। लड़की आरोपित अमन के परिवार की थी। दर्शन से विवाद के बाद राजू ने अपने बारे में भनक तक नहीं लगने दी थी। अमन का भरोसा जीतने के लिए दर्शन से विवाद पर राजू ने उसका साथ दिया। इसी के बाद से राजू व अमन दोनों दर्शन से रंजिश रखने लगे थे। रंजिश के चलते ही दर्शन की हत्या कर दी गई।

वारदात के बाद गए थे घर

हत्यारोपित अमन व राजू दोनों ही बेहद शातिर हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपने-अपने घर गए। वहां अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगा स्वजनों से थोड़ी देर में आने की बात कही। पुलिस को उनकी कोई लोकेशन न मिले इसी के चलते दोनों ने अपना मोबाइल घर पर छोड़ दिया। आरोपित फतेहगंज पश्चिमी स्थित जिस रिश्तेदार के घर रुके थे। उन्हीं का फोन इस्तेमाल कर पुलिस के हर मूवमेंट के बारे में जानकारी में जुटे थे।

यह है मामला

किला छावनी के रहने वाले दर्शन सागर का शव मंगलवार को घर से महज ढाई सौ मीटर दूसर स्थित खाली प्लाट पर मिला था। दर्शन के पिता बब्बू सक्सेना ने हत्या का आरोप किला छावनी के ही रहने वाले आरोपित अमन व राजू पर लगाए थे। उनकी तहरीर पर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी।

हत्यारोपितों की लोकेशन फतेहगंज पश्चिमी मिली थी, लेकिन दबिश से पहले दोनों फरार हो गए। शरण देने वाले रिश्तेदार से पूछताछ की जा रही है।

- राजकुमार तिवारी, इंस्पेक्टर, किला

Posted By: Inextlive