- भाजपा की ओर से पांच और सपा के तीन प्रत्याशियों ने कराया था नामांकन

- एक प्रत्याशी ने नाम वापस लिया, दूसरे का पर्चा हो गया खारिज

बरेली : नगर निगम कार्यकारिणी समिति के चुनाव में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले। सत्ताधारी पार्टी की हनक भी साफ नजर आई। चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के कुछ देर बाद ही चुनाव निर्विरोध घोषित कर दिया गया। एक प्रत्याशी के नाम वापस लेने और दूसरे का पर्चा खारिज होने पर छह सदस्य निर्विरोध चुन लिए गए। चुने गए सदस्यों का फूल- मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया।

6 सदस्य हुए सेवानिवृत्त

मंडे सुबह करीब 11 बजे नगर निगम सभागार में कार्यकारिणी समिति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। सबसे पहले समिति में अपना कार्यकाल पूरा करने वाले छह सदस्यों को सेवानिवृत्त किया गया। मेयर डॉ। उमेश गौतम व नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने पार्षद छंगामल मौर्य, मुकेश सिंघल, अजय कुमार सिंह चौहान, रईस मियां अब्बासी, शशि सक्सेना और महलका कुरैशी को शॉल ओढ़ाकर विदाई दी।

सपा प्रत्याशी का पर्चा खारिज

कार्यकारिणी के लिए छह नए सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। भाजपा की ओर से पांच प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। वहीं सपा के तीन पार्षदों ने चुनाव लड़ने के लिए पर्चे भरे। इसके बाद भाजपा के प्रत्याशी हरिओम कश्यप ने अपना नाम वापस ले लिया। नामांकन पत्रों की जांच में सपा की प्रत्याशी रेनू यादव का पर्चा खारिज कर दिया गया। उन्होंने नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर नहीं किए हुए थे। फिर मैदान में भाजपा के चार और सपा के दो प्रत्याशी ही बचे थे। इस पर भाजपा के महेश राजपूत, कपिल कांत सक्सेना, अमित कुमार गिहार, राजकुमार गुप्ता और सपा के शमीम अहमद व तबस्सुम नफीस को निर्विरोध सदस्य घोषित कर दिया गया।

ये रहेंगे कार्यकारिणी सदस्य

12 सदस्यीय कार्यकारिणी में मुकेश मेहरोत्रा, मुनेंद्र सिंह, संजय राय, सुधा शर्मा, अफरोज व जुबैदा बी बनी रहेंगी। निर्विरोध चुने गए सदस्यों का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। मेयर ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि 18 साल में ऐसा पहली बार हुआ है जब कार्यकारिणी का चुनाव लगातार चौथी बार निर्विरोध हुआ है।

Posted By: Inextlive