- जल निगम ने सड़क खोदने के लिए दमकल कार्यालय वाला रास्ता किया बंद

- दिन भर परेशान रहे लोग, मिट्टी के ऊपर से निकाली बाइक, हादसे का रहा डर

बरेली : शहर में जनसुविधाओं की अनदेखी बदस्तूर जारी है। अफसरों के निर्देशों को भी हवा में उड़ाया जा रहा है। प्रभारी डीएम चंद्रमोहन गर्ग ने नौ अक्टूबर को किसी भी कार्य से पहले लोगों को जानकारी देने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके जल निगम के ठेकेदार ने बिना सूचना दिए शहर का प्रमुख मार्ग बंद कर दिया। नगर आयुक्त व एसपी सिटी के आवास और फायर ब्रिगेड का रास्ता बंद हो गया। बिना सूचना रास्ता बंद होने से लोग परेशान हुए।

्र

सीवर लाइन के लिए हो रही खोदाई

जल निगम श्यामगंज से चौपुला चौराहे की ओर सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क की खोदाई करता आ रहा है। कुछ दिन पहले तक कालीबाड़ी से बरेली कॉलेज के सामने तक खोदाई के दौरान तमाम बार पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त कर दी गई। ठेकेदार मनमानी पर उतारू रहा और अधिकारियों का बस उस पर नहीं चला। इधर, अब खोदाई रोडवेज बस स्टैंड को जाने वाले चौराहे पर पहुंच गई। इस कारण किसी को बताए बिना जल निगम ने वहां रास्ता बंद कर दिया। इसकी सूचना जनता को नहीं दी गई। चौकी चौराहा से जैन मंदिर होते हुए नगर निगम, रोडवेज को जाने वाले लोग परेशान हुए। बावजूद इसके अधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ा।

बना रहा हादसे का खतरा

ठेकेदार ने रास्ता बंद करने के साथ ही किनारे पर मिट्टी का ढेर लगा दिया था। जानकारी नहीं होने पर बाइक सवार और पैदल चलने वाले वहां पहुंच गए। रास्ता बंद मिलने पर उन्होंने किनारे पड़ी मिट्टी पर ही बाइक चढ़ा दी। दोनों ओर से इसी तरह बाइक, स्कूटी सवार निकलते रहे। पैदल निकलने वालों को भी गिरने का डर बना रहा।

रोडवेज बसें को भी लौटना पड़ा

बदायूं की ओर से आने वाली रोडवेज की बसें चौकी चौराहा से महिला थाना, जैन मंदिर होते हुए बरेली कॉलेज गेट के सामने वाली सड़क से रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचती हैं। रास्ता बंद होने के कारण कुछ बसों को लौटना पड़ा। बसें चौकी चौराहा से अयूब खां चौराहा, नगर निगम होती हुई सिकलापुर से बस स्टैंड पर पहुंची।

नगर आयुक्त व एसपी सिटी के आवास का रास्ता बंद

जल निगम के ठेकेदार ने जिस रास्ते को मिट्टी डालकर बंद कर दिया, वह नगर आयुक्त व एसपी सिटी के आवास को भी जाता है। रास्ता बंद होने के कारण दोनों अधिकारियों को चौकी चौराहा से घूमकर आवास पर जाना पड़ रहा है।

फायर ब्रिगेड की भी दूरी बढ़ी

इसी रोड पर फायर ब्रिगेड का भी दफ्तर है। दमकल की गाडि़यां नावेल्टी चौराहा और उस क्षेत्र में जाने के लिए इसी सड़क से निकलती हैं। अगर उस ओर कोई हादसा होता है तो गाडि़यों को मौके पर पहुंचने में देरी होगी। उन्हें भी दूसरी ओर से घूमकर जाना पड़ेगा।

बरेली कॉलेज रोड पर जल निगम ने खोदाई शुरू कर दी है। इसकी सूचना जनता को देनी चाहिए थी। लोगों की सहूलियत को रूट डायवर्जन किया जाना चाहिए था। शहर का प्रमुख मार्ग अचानक बंद करने के बारे में जल निगम के अफसरों से पूछा जाएगा।

अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त

- श्यामगंज से चौपुला चौराहा की ओर कई दिनों से सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई का काम चल रहा है। इसकी जानकारी सभी को है। अगर ठेकेदार ने बिना सूचना दिए किसी मार्ग को बंद कर दिया है तो यह गलत है।

संजय सिंह, अधिशासी अभियंता, जल निगम

Posted By: Inextlive