- भोजीपुरा में फोरलेन के लिए उखाड़े गए पोल, अभी तक नहीं लगे

-बारिश से घरों में करंट उतरने की आशंका, लोगों में आक्रोश

BHOJIPURA : कस्बे की आपूर्ति व्यवस्था बदहाल है। छतों पर केबल डालकर विद्युत सप्लाई की जा रही है। लोगों को डर है कि बारिश के मौसम में इससे घरों में करंट उतर सकता है, मगर जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसको लेकर लोगों में विभाग के प्रति आक्रोश है। दरअसल, फोरलेन निर्माण के चलते विद्युत पोलों को उखाड़ दिया गया था, जिन्हें अभी तक स्थापित नहीं किया गया है। कस्बे में छह दिन पहले हरीश कटियार की छत पर रखी केबल से करंट घर में आ गया था, जिससे अफरा-तफरी मच गई थी। सूचना देकर विद्युत सब स्टेशन से सप्लाई बंद कराई गई थी। घरों की छतों पर रखी केबल से लोगों में डर का माहौल है, क्योंकि बारिश में करंट फैलने की संभावना बढ़ जाती है। वहीं विभाग द्वारा अभी तक पोल स्थापित किए जाने की दिशा में कदम नहीं उठाया गया है। इस बारे में अवर अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि फ्लाइओवर का निर्माण पूरा होने के बाद ही आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से दुरुस्त हो पाएगी।

Posted By: Inextlive