- मिशन शक्ति का तीसरा चरण शुरू, संजय कम्युनिटी हाल में हुआ आयोजन

बरेली : मिशन शक्ति के तीसरे चरण का शुभारंभ शनिवार को संजय कम्युनिटी हाल में भव्य आयोजन के साथ किया गया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति के पहले और दूसरी चरण में अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।

किसी से कम नहीं बेटियां

कार्यक्रम के शुभारंभ पर विशिष्ट अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री, सांसद संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं। हाल ही में हुए ओलंपिक खेलों में बेटियों का प्रदर्शन इसका साक्षात प्रमाण है। उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा है। डीएम नितीश कुमार ने कहा कि बेटियों को अपनी प्रतिभा व समाज में अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल रहे हैं। वह अपनी प्रतिभा के अनुसार शत-प्रतिशत प्रदर्शन दिखा रही हैं। इसके बाद मिशन शक्ति फेज-1 एवं फेज-2 में विभिन्न क्षेत्रों में बढ़-चढकर हिस्सा लेने वाली 75 महिलाओं को सम्मानित किया गया। उन्हें शक्ति योद्धा के रूप में प्रशस्ति पत्र एवं रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए रक्षा कवच के रूप में राखी भेंट की गई। इस दौरान नगर विधायक डा। अरुण कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एडीजी अविनाश चंद्र, आइजी रमित शर्मा, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, सीडीओ चंद्रमोहन गर्ग, एडीएम सिटी महेंद्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट मदन कुमार, डीआइओएस डा। अमरकांत सिंह आदि मौजूद रहे।

इन क्षेत्रों की महिलाओं को दिया सम्मान

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से दस महिलाएं, महिला सुरक्षा क्षेत्र से दस, दस महिला ग्राम प्रधान, दस सदस्य व नगरीय क्षेत्र के निर्वाचित वार्ड सदस्य, बहादुरी एवं शौर्य में विशेष योगदान करने वाली दस महिलाएं, स्वरोजगार क्षेत्र में कार्य करने वाली दस महिलाएं, शिक्षा क्षेत्र से बेसिक शिक्षा माध्यमिक शिक्षा की 15 महिलाएं।

देखा लाइव टेलीकास्ट

मिशन शक्ति फेज-1 व फेज-2 में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रदेश की 75 महिलाओं को राज्य स्तर पर होने वाले शुभारंभ कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्य मंत्री महिला कल्याण स्वाति सिंह ने सम्मानित किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण संजय कम्युनिटी हाल में दिखाया गया। कार्यक्रम में बरेली मंडल की उप निदेशक महिला एवं बाल कल्याण नीता अहिरवार, शिक्षिका नम्रता वर्मा को भी सम्मानित किया गया।

Posted By: Inextlive