- 21 जनवरी 2018 को खोले गए फ्लाईओवर में होने हैं कई काम

BAREILLY:

श्यामगंज फ्लाईओवर को संवारने की तैयारी में सेतु निगम जुट गया है। फ्लाईओवर के सौंदर्यीकरण के लिए 41 करोड़ खर्च किए जाएंगे। सेतु निगम के अधिकारियों ने इसके लिए एस्टीमेट बनाकर शासन को भेज भी दिया है। हालांकि, एस्टीमेट अभी पास नहीं हुआ है। बता दें कि श्यामगंज फ्लाईओवर 21 जनवरी 2018 को पब्लिक के लिए खोला गया था। जल्दबाजी में अधूरी तैयारी से फ्लाईओवर पर कई हादसे भी हुए।

प्लांटेशन व प्रकाश की होगी व्यवस्था

41 करोड़ रुपए खर्च कर फ्लाईओवर के फिनिशिंग का काम किया जाएगा। फ्लाईओवर में फिनिशिंग से जुड़े अभी बहुत सारे काम बाकी है। फ्लाईओवर का निचला हिस्सा प्लास्टर नहीं है, जिसे पूरा किया जाएगा। इसके अलावा प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। वहीं पिलर के बीच प्लांटेशन किया जाएगा। सेतु निगम द्वारा पिलर के बीच में क्यारियां बनाने का काम शुरू भी कर दिया गया है।

जल्दबाजी में कर दिया था उद्घाटन

फिलहाल, फ्लाईओवर के फिनिशिंग का काम नहीं हुआ है। उससे पहले ही राजनीति सपा व भाजपा के बीच पुल के उद्घाटन के ऊहापोह को देखते हुए वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने पुल का उद्घाटन कर दिया। इससे पहले सपा कार्यकर्ताओं ने नारियल फोड़ औपचारिक तौर पर पुल का उद्घाटन कर दिया था।

कई हादसे हुए

जल्दबाजी में आधी-अधूरी तैयारियों के साथ पुल शुरू कर देने के कारण शुरुआती दिनों में कई हादसे हुए। दूसरे दिन ही एक कार का एक्सीडेंट हो गया था। कई लोग मांझा से कट गए थे। जिसके बाद प्रशासन के निर्देश के बाद तार बांधने का काम किया गया था।

फैक्ट्स

- 10 जून 2013 को सीएम ने की घोषणा।

- 22 जुलाई 2016 को प्रपोजल मंजूर।

- 25 अक्टूबर 2016 को भूमिपूजन।

- 7.5 मीटर जमीन से ऊंचा, 1017 मीटर लम्बा।

- 31 पिलर पर टिका है फ्लाईओवर, ए प्लस गे्रड की मजबूती।

- 21 जनवरी को वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया था उद्घाटन।

फ्लाईओवर को संवारने के लिए शासन को रिवाइज्ड एस्टीमेट भेजा गया है। बिजली की व्यवस्था के साथ ही प्लास्टर के काम होंगे।

सूरज कुमार गर्ग, प्रोजेक्ट मैनेजर, सेतु निगम

Posted By: Inextlive