- स्मार्ट सिटी योजना के तहत बनाया जाना है वाई आकार का फ्लाईओवर

- जिला पंचायत की ओर पुल उतारने को नहीं मिल पा रही पर्याप्त जगह

बरेली : स्मार्ट सिटी योजना में प्रस्तावित किए गए कुतुबखाना फ्लाईओवर के डिजाइन को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। पुल के वाई आकार में बनने की संभावना कम ही नजर आ रही है। हालांकि सेतु निगम के अधिकारी इस पुल को धरातल पर लाने के लिए पूरे प्रयास में लगे हैं। सोमवार को भी सेतु निगम की टीम ने मौके पर सर्वे किया।

मौके पर सर्वे किया टीम ने

कुतुबखाना रोड पर करीब 12 सौ मीटर लंबा वाई आकार का पुल प्रस्तावित किया गया है। स्मार्ट सिटी में प्रस्तावित इस पुल को बीते दिनों स्मार्ट सिटी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में मंजूरी मिल चुकी है। इसके निर्माण के लिए करीब 99 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। अधिकारियों ने सेतु निगम को पुल का डिजाइन तैयार करने की जिम्मेदारी दी है। प्रस्ताव के हिसाब से पुल कोहाड़ापीर से शुरू होकर कुतुबखाना चौराहे से एक हिस्सा कोतवाली की ओर और दूसरा हिस्सा जिला पंचायत की ओर उतरना है। सेतु निगम की टीम ने सोमवार को भी सर्वे किया तो वहां जिला पंचायत रोड पर काफी कम करीब नौ मीटर भूमि ही पाई गई। इतनी कम जगह में पुल को उतारना मुश्किल भरा हो सकता है। पुल उतरने की जगह में किनारे बिलकुल भी जगह नहीं बचेगी। इसे लेकर अधिकारी भी असमंजस में हैं। इसलिए पुल का आकार वाई होना मुश्किल है। पुल कुतुबखाना से घूमकर कोतवाली पर ही उतारा जा सकता है। सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक देवेंद्र सिंह ने बताया कि जिला पंचायत वाली रोड पर नपाई में काफी कम जगह पाई गई है। इस कारण वहां पुल उतारने में दिक्कत होगी, हालांकि वहां पुल बनाने के लिए मंथन किया जा रहा है।

Posted By: Inextlive