बरेली: प्रियंका चौपड़ा के बाद शहर की बेटी दिशा पाटनी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत व लगन से बालीवुड में अपनी पहचान बनाई और बरेली का नाम रोशन किया है। शहर की यह बेटियां आज इंटरनेशल फेम हासिल किए हुए हैं। दिशा पाटनी का नाम भी शहर के स्टेडियम से जुड़ा है। वह इस स्टेडियम की लाइफ टाइम मेंबर हैं। वर्तमान में स्टेडियम की जैसी हालत है, वह उनके नेम व फेम के बिलकुल भी अनुकूल नहीं है। अपने शहर के सबसे पुराने स्टेडियम की ऐसी बदहाली से अगर वह रूबरू होती तो निश्चित ही उन्हें भी अपने लाइफ टाइम मेंबर होने पर नाज न होता।

असरदार मेंबर्स की पॉवर भी बेअसर

स्टेडियम मात्र एक सरकारी संस्थान भर नहीं है, बल्कि यह जिले के युवाओं का भविष्य संवारने वाली एक अमूल्य धरोहर भी है। इस धरोहर को संवारने के साथ ही इसकी अहमियत को बनाए रखने के लिए ही इससे जिले के असरदार लोगों को जोड़ा गया है। इसके लिए इन्हें स्टेडियम की लाइफ टाइम मेंबरशिप प्राप्त हुई है। लाइफ टाइम मेंबरशिप हासिल करने वाले सभी लोग शहर की जानी-मानी हस्तियां हैं। इसके बाद भी स्टेडियम की बदहाली इन असरदार हस्तियों शान पर भी बट्टा है।

30 हजार से 25 हजार रुपये में लाइफ टाइम मेंबरशिप

स्टेडियम पब्लिक प्रॉपर्टी है, इसलिए शासन ने इससे प्लयर्स के साथ ही आम पब्लिक को भी जोड़ने के लिए लाइफ टाइम मेंबरशिप शुरू की है। स्टेडियम प्रशासन ने अपनी पहल से अब तक शहर के 24 असरदार हस्तियों को लाइफ टाइम मेंबरशिप से जोड़ा है। इस मेंबरशिप के लिए 25 से 30 हजार तक की फीस निर्धारित की गई है।

सीनियर सिटीजन को पांच हजार माफ

लाइफ टाइम मेंबरशिप में सीनियर सिटीजंस को पांच हजार की राहत दी गई है। इससे कम एज के मेंबर्स को शासन से शासन से निर्धारित पूरा शुल्क जमा कराना है। सीनियर सिटीजन को राहत के बाद 25 हजार रुपया शुल्क जमा कराना होता है।

खेल आयोजन में किया जाना है आमंत्रित

लाइफ टाइम मेंबर्स स्टेडियम के ऑनरेबल पर्सन होंगे। स्टेडियम में होने वाले खेल आयोजन में इन्हें बतौर मेहमान आमंत्रित करने का प्रावधान है। इसके अलावा भी स्टेडियम प्रशासन अपने इन मेंबर्स के साथ किसी भी विषय पर सुझाव या विचार विमर्श के लिए मीटिंग भी कर सकता है।

स्थिति पर मेंबर्स को भी अफसोस

स्थिति पर करेंगे विचार विमर्श

स्टेडियम का मैं अभी कुछ समय पहले ही लाइफ टाइम मेंबर बना हूं। स्टेडियम पुराना होने से यहां की व्यवस्थाएं और स्ट्रैक्चर की स्थिति चिंताजनक तो है, पर इसमें सुधार की कोशिश मिलजुलकर ही पूरी होगी। जनप्रतिनिधियों को भी इसके बारे में सोचना होगा।

राजेश जौली, मैनेजर जीआरएम स्कूल

सभी को करना होगा प्रयास

स्टेडियम की स्थिति और यहां की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए ही लाइफ टाइम मेंबर्स बनाए गए हैं। हम सभी मेंबर्स को इसके लिए प्रयास करने होंगे। हम इसके लिए प्रयासरत भी हैं। इसको लेकर आरएसओ से विचार विमर्श भी होता है।

केबी त्रिपाठी, श्रेष्ठ आईएएस क्लासेस

स्मार्ट सिटी के बजट से होगा सुधार

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत ही स्टेडियम का भी कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए बजट निर्धारित है। कई कार्यो के लिए टेंडर भी फाइनल हो चुके हैं। जल्दी ही बदलाव नजर आएगा।

डॉ। उमेश गौतम, मेयर

मेंबर्स एकजुट होकर करेंगे प्रयास

स्टेडियम हमारे शहर की पहचान है। वर्तमान में भले ही यहां की व्यवस्थाएं कुछ अव्यवस्थित जरूर हैं, पर जल्दी ही हम मेंबर एकजुट होकर स्टेडियम के सुधार के लिए प्रयास करेंगे।

नरेन्द्र गुप्ता, सेलेक्शन प्वाइंट

शासनादेश के अनुसार ही शहर के लोगों को लाइफ टाइम मेंबरशिप ओपन है। अब तक 24 लोगों को लाइफ टाइम मेंबरशिप से जोड़ा गया है। इसमें फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी भी शामिल हैं। लाइफ टाइम मेंबर बनने के लिए 60 साल अधिक के लोगों के लिए 25 हजार और इससे कम उम्र के लोगों के लिए 30 हजार शुल्क निर्धारित है।

शमीम अहमद, डिप्टी आरएसओ

Posted By: Inextlive